Site icon UP Digital Diary

जल बोर्ड के अध्यक्ष सत्येंद्र जैन ने कहा-दिल्ली में जलापूर्ति के लिए आधुनिक कुएं तैयार कर रही है सरकार

दिल्ली सरकार सोनिया विहार और अक्षरधाम इलाके में आधुनिक कुएं का निर्माण कर रही है। जल मंत्री और दिल्ली जल बोर्ड के अध्यक्ष सत्येंद्र जैन ने सोमवार को अधिकारियों के साथ दोनों जगहों पर बन रहे आधुनिक कुओं का दौरा किया। सोनिया विहार में बन रहे कुएं का कार्य पूरा होने के बाद करीब 90 लाख लीटर पानी प्रतिदिन जमीन से निकाला जा सकता है। जल मंत्री सत्येंद्र जैन ने अधिकारियों को कुएं से पानी निकालने की दर पर नजर रखने के निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि दिल्ली सरकार समय पर गुणवत्ता के साथ काम पूरा करने पर ध्यान दे रही है और साथ ही दिल्लीवासियों को 24 घंटे पानी मुहैया कराने के लिए नई-नई तकनीकों का इस्तेमाल कर रही है। निरीक्षण के दौरान सत्येंद्र जैन ने कार्य की प्रगति का जायजा लिया।

दिल्ली सरकार के सिंचाई एवं बाढ़ नियंत्रण विभाग और लोक निर्माण विभाग इन कुओं का निर्माण कर रहा है। सोनिया विहार में बन रहे कुएं की तकनीक को दिल्ली जल बोर्ड के अधिकारियों द्वारा ‘इन-हाउस’ विकसित किया गया है। यह कुआं दिल्ली जल बोर्ड के पारंपरिक कुओं से बिल्कुल अलग है। इस कुएं की विशिष्टता यह है कि इसकी दीवारों में कई छेद बनाए गए हैं, जो जल की निकासी और उसके संग्रह को बढ़ाते हैं। इस कुएं से निकाले गए पानी का उपयोग विभिन्न उद्देश्यों के लिए किया जा सकता है और यह पूर्वी दिल्ली के लोगों के लिए पेयजल की जरूरतों को पूरा करेगा।

दिल्ली सरकार पानी की कमी के एक बड़े हिस्से को कम करने का प्रयास कर रही है। यह कुआं 30 मीटर गहरा होगा और इसका व्यास 6 मीटर होगा। इसका निर्माण कार्य काफी तेज गति से चल रहा है।

Exit mobile version