Site icon UP Digital Diary

राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सर संघचालक मोहन भागवत पहुंचे कारसेवकपुरम, वर्ग में स्वयंसेवकों को करेंगे संबोधित

राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सर संघचालक मोहन भागवत बुधवार की सुबह कारसेवकपुरम पहुंचे। वे कारसेवकपुरम में बीती 18 अक्टूबर से चल रहे संघ के शारीरिक अभ्यास वर्ग में शामिल होंगे। वे गुरुवार की शाम को लखनऊ रवाना होंगे। माना जा रहा है कि वे बुधवार को रामलला और बजरंगबली का दर्शन पूजन भी करेंगे। साथ ही राममंदिर निर्माण की प्रगति का जायजा भी लेंगे। हालांकि, संघ प्रमुख के कार्यक्रम को सार्वजनिक नहीं किया गया है। वर्ग से भी मीडिया को दूर रखा गया है।

संघ प्रमुख मंगलवार की देर शाम अयोध्या पहुंचे थे और संघ कार्यालय साकेत निलयम में उन्होंने रात्रि विश्राम किया। सोमवार को कारसेवकपुरम में आरएसएस का अखिल भारतीय शारीरिक अभ्यास वर्ग प्रारंभ हुआ था। इसकी शुरुआत अखिल भारतीय शारीरिक शिक्षण प्रमुख सुनील कुलकर्णी ने की। यह आयोजन पांच वर्ष के अंतराल पर होता है। पिछली बार इसे नागपुर-महाराष्ट्र के भुसावल में आयोजित किया गया था। वर्ग की शुरुआत भोर में चार बजे से स्वयंसवेकों के जागरण से हो रही है। सुबह से शाम तक तीन बार शाखा लग रही है। पहले दिन दंड, योग, पदविन्यास हुआ और शाम को नयाघाट क्षेत्र में शाखा लगी। माना जा रहा है कि संघ प्रमुख स्वयंसेवकों को संबोधित भी करेंगे। वर्ग में देशभर के 460 स्वयंसेवक हिस्सा ले रहे हैं।

Exit mobile version