उत्तराखंड: घंटे भर बारिश, छह डिग्री गिरा पारा, चलेंगी तेज हवाएं

उत्तराखंड में बीते दो दिनों से रुक-रुक कर हो रही बारिश का सीधा असर तापमान पर पड़ा है। पर्वतीय इलाकों के साथ मैदानी क्षेत्रों में भी पारा गिरने से ठंड का अहसास होने लगा है। आंकड़ों पर नजर डालें ताे शुक्रवार सुबह करीब एक घंटे तक लगातार हुई बारिश से देहरादून का अधिकतम तापमान छह डिग्री गिरावट के साथ 29.9 डिग्री रिकॉर्ड किया गया। वहीं अकेले देहरादून में 27.1 एमएम बारिश दर्ज की गई।

जून की शुरुआत से ही प्रदेश भर में मौसम का मिजाज बदला हुआ है। रुक-रुक कर हो रही बारिश और तेज तूफान के चलते गर्मी से लोगों को राहत मिली है। उधर, कुछ जगहों पर तेज तूफान चलने और पेड़ गिरने से यातायात भी बाधित रहा हालांकि वन विभाग ने पुलिस विभाग के सहयोग से सड़क पर गिरे पेड़ों को हटाया और यातायात को सुचारु कराया।

मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि जलवायु परिवर्तन और पश्चिमी विक्षोभ के चलते मौसम में इस तरह के बदलाव देखने को मिल रहे हैं। आने वाले दिनों की बात करें तो 11 जून तक प्रदेश भर में मौसम बदला हुआ रहेगा। पर्वतीय इलाकों के साथ मैदानी इलाकों में भी बारिश होने से तापमान सामान्य के आसपास रहने का अनुमान है।

आज भी बारिश की संभावना
प्रदेश भर में शनिवार को भी हल्की बारिश की संभावना है। मौसम विज्ञान केंद्र की ओर से जारी पूर्वानुमान के अनुसार पर्वतीय जिलों के साथ मैदानी हिस्साें में भी बिजली चमकने के साथ हल्की बारिश होने का अनुमान है जबकि पर्वतीय इलाकों में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने का येलो अलर्ट जारी किया गया है।

Related Articles

Back to top button
T20: भारत का क्लीन स्वीप जानिये कितने खतरनाक हैं कबूतर। शतपावली: स्वस्थ रहने का एक आसान उपाय भारतीय मौसम की ALERT कलर कोडिंग In Uttar Pradesh Call in Emergency