Shehnaaz Gill ने फैंस को लेकर कही ये बात

रियलिटी शो ‘बिग बॉस 13’ से लोकप्रियता पाने वालीं अभिनेत्री शहनाज गिल (Shehnaaz Gill) इन दिनों पंजाबी फिल्मों में सक्रिय हैं। वह सलमान खान अभिनीत फिल्म ‘किसी का भाई किसी की जान’ और ‘थैंक यू फॉर कमिंग’ जैसी हिंदी फिल्में भी कर चुकी हैं।
हालिया रिलीज पंजाबी फिल्म ‘इश्कनामा’ (Ishqnama) में नजर आई शहनाज प्यार को कमजोरी नहीं इंसान की ताकत मानती हैं। उनका कहना है, “प्यार तो इंसान की ताकत ही होती है, प्यार को कभी कमजोरी मानना या बनाना भी नहीं चाहिए। प्यार को अपनी ताकत बनाकर और हमेशा अपने साथ रखना चाहिए।”
खुद की पहचान बनाने की कोशिश
शहनाज गिल धीरे-धीरे फिल्मों में अपनी अलग पहचान बनाने में जुटी हैं। उनका कहना है कि अभी उन्होंने अपने अभिनय सफर की शुरुआत ही की है और हर नई फिल्म उनके लिए सीखने और खुद को साबित करनेका नया अवसर लेकर आती है। वह कहती हैं-
मुझे लगता है कि मैं अभी इंडस्ट्री में एक फ्रेश (नया) चेहरा हूं, अभी मुझे लोगों ने सिनेमा में इतना ज्यादा देखा नहीं है। मैंने अभी फिल्में करना शुरू ही किया है, अभी तो बहुत कुछ करना है। तो आगे मैं जो भी काम करूंगी, सबमें मेरे लिए कुछ न कुछ नया अनुभव ही होगा। मैं जो भी भूमिकाएं निभाउंगी, वो सब मेरे लिए नए ही होंगे।
मेकअप आर्टिस्ट को भी मैसेज करते हैं फैंस
इंटरनेट मीडिया पर शहनाज के बड़ी संख्या में प्रशंसक हैं। काम के चुनाव में उनके प्रभाव को लेकर शहनाज कहती हैं, “मेरे जो भी प्रशंसक हैं, मेरे प्रति उन सभी का बहुत ही ज्यादा सुरक्षात्मक रवैया है। वह मुझे ज्यादा से ज्यादा देखना चाहते हैं। वो तो मेरी मेकअप आर्टिस्ट से लेकर हेयर स्टाइलिस्ट तक को मैसेज करते हैं कि आज शहनाज के हेयर या मेकअप ऐसा क्यों बनाया है? ये क्यों नहीं किया है? वो भी बेचारे सारा दिन लोगों के मैसेज पढ़-पढ़कर थक जाते हैं।”
फैंस से की ये अपील
शहनाज ने आगे कहा, “मुझे इस इंडस्ट्री में काम करते हुए काफी समय हो गया है, मुझ पर ऊपरवाले का आशीर्वाद है कि मुझे अभी तक इतना प्यार मिल रहा है। बिग बॉस की देन है कि मैं इस इंडस्ट्री में इतने लंबे समय तक टिक पाई हूं। जैसा प्यार मुझे बिग बॉस से मिला है, मैं उम्मीद करती हूं कि मुझे सिनेमा से भी वैसा ही प्यार मिले।
अब तक मेरे प्रशंसक जो मुझे टीवी या इंटरनेट मीडिया पर देखते आए हैं, मैं कोशिश कर रही हूं अब वो अपने पैसे खर्च करके मुझे सिनेमाघरों में भी देखने जाएं। जो प्रशंसक महंगे-महंगे गिफ्ट भेजते हैं, उसकी जगह वह उन्हीं पैसे से मेरी फिल्म के टिकट खरीद लें। इससे मुझे खुशी मिलेगी।”



