मानसून का कहर: केरल में बाढ़-भूस्खलन से हाहाकार, छह लोगों की मौत

केरल में मूसलाधार बारिश ने भारी तबाही मचाई है, जहां भूस्खलन और बाढ़ से अब तक छह लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि दिल्ली-एनसीआर और उत्तर प्रदेश (यूपी) में मौसम विभाग ने भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है।

दिल्ली में रात हुई झमाझम बारिश, केरल में ऑरेंज अलर्ट

भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने केरल के कई जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी रखा है, वहीं यूपी के सभी 75 जिलों में मौसम के मिजाज में बड़े बदलाव की चेतावनी दी गई है। दिल्ली-एनसीआर में शनिवार-रविवार की मध्य रात्रि को झमाझम बारिश से मौसम सुहाना हो गया और लोगो को गर्मी से राहत मिली।

गौरतलब है कि मौसम विभाग ने दिल्ली-एनसीआर में आज गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना जताई थी।अधिकतम तापमान 34 डिग्री और न्यूनतम 26 डिग्री के आसपास रह सकता है। आज पूरे दिन बादल छाए रहेंगे।

केरल में शनिवार को भारी बारिश ने तबाही मचा दी

केरल में शनिवार को भारी बारिश ने तबाही मचा दी। भूस्खलन और बाढ़ से छह लोगों की मौत हो गई है, जबकि छह लोग लापता बताए जा रहे हैं। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने आठ जिलों में रेड अलर्ट जारी किया है।

मुख्यमंत्री कार्यालय के अनुसार, इडुक्की और कोट्टायम जिलों में अलग-अलग भूस्खलन में चार लोगों की मौत हुई। बचाव अभियान में एनडीआरएफ, फायर एंड रेस्क्यू, पुलिस, कोस्ट गार्ड और स्थानीय प्रशासन के जवान शामिल हैं। राज्यभर में 65 राहत शिविर खोले गए हैं, जहां 1,465 लोग शरण लिए हुए हैं।

केरल के मुख्यमंत्री ने कही ये बात

मुख्यमंत्री वीडी सतीशन ने बताया कि 17 घर पूरी तरह नष्ट हो गए, जबकि 127 आंशिक रूप से क्षतिग्रस्त हुए। इडुक्की में 65 वर्षीय सुमती की मौत हो गई, उनके पति और बेटे को बचाया गया। वागामोन में 77 वर्षीय प्रभाकरन नायर की भी मौत हुई। कोट्टायम के पूनजार में एक युवक जोसेफिन की मौत हो गई, उनकी मां मलबे में फंसी पाई गईं।

इडुक्की, कोट्टायम, पथनमथिट्टा, कोझिकोड और अन्य जिलों में बाढ़ और छोटे-बड़े भूस्खलन की खबरें हैं। कई जगह ट्रैफिक प्रभावित हुआ, नदियों और बांधों का जलस्तर बढ़ा। कई बांधों के गेट खोले गए।

आईएमडी ने पथनमथिट्टा, कोट्टायम, इडुक्की, मलप्पुरम, कोझिकोड, वायनाड, कन्नूर और कासरगोड में रेड अलर्ट (अत्यधिक भारी बारिश) जारी किया है। एर्नाकुलम, त्रिशूर और पालक्काड में ऑरेंज अलर्ट है। मुख्यमंत्री ने संबंधित जिलों के मंत्रियों को मौके पर रहकर राहत कार्य संभालने के निर्देश दिए हैं।

गुजरात में भारी बारिश, असम में बाढ़ की स्थिति में सुधार

दक्षिण और मध्य गुजरात के कई हिस्सों में शनिवार को मूसलधार बारिश हुई, जिसके चलते 27 हजार लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया है। सूरत जिले के अंबिका तालुका में 24 घंटे में 611 मिमी बारिश हुई है।

सूरत, नवसारी, भरूच और तापी, साथ ही मध्य गुजरात के खेड़ा और आनंद जैसे जिलों में 400 मिमी से अधिक बारिश हुई। आइएएनएस के अनुसार सेना ने बाढ़ प्रभावित सूरत में 34 लोगों को बचाया है। बाढ़ जैसी स्थिति के कारण कई गांवों का संपर्क कट गया है।

असम में बाढ़ की स्थिति में मामूली सुधार

असम में शनिवार को बाढ़ की स्थिति में थोड़ा सुधार देखने को मिला। बाढ़ प्रभावित लोगों की संख्या घटकर 1.78 लाख हो गई। हालांकि डूबे हुए जिलों की संख्या बढ़कर सात हो गई।

एक आधिकारिक बुलेटिन में बताया गया कि राज्य में पिछले 24 घंटों में कोई भी जनहानि की सूचना नहीं मिली। मृतक संख्या 82 पर स्थिर रही।

Related Articles

Back to top button
T20: भारत का क्लीन स्वीप जानिये कितने खतरनाक हैं कबूतर। शतपावली: स्वस्थ रहने का एक आसान उपाय भारतीय मौसम की ALERT कलर कोडिंग In Uttar Pradesh Call in Emergency