रूस-यूक्रेन युद्ध में 8 लोगों की मौत, 45 घायल

रूस के बुधवार-गुरुवार रात यूक्रेनी शहरों पर हवाई हमलों में छह लोग मारे गए जबकि करीब 40 घायल हुए हैं। तीन लोग बालाक्लिया में मारे गए और कई घायल हुए जबकि सूमी में तीन लोग मारे गए हैं और 19 घायल हुए हैं।
एक अन्य हमले में सूमी में ही 12 लोग घायल हुए हैं। यूक्रेन के नियंत्रण वाले खेरसोन में रूस के ड्रोन हमले में छह लोग घायल हुए हैं। रूस ने ज्यादातर हमलों में गाइडेड एरियल बमों का इस्तेमाल किया है जो मिसाइल की तरह काम करते हैं लेकिन उन्हें एयर डिफेंस से रोकना मुश्किल होता है।
जबकि रूस के ब्रियांस्क इलाके में यूक्रेन के ड्रोन हमले में दो लोग मारे गए और पांच घायल हुए हैं। एक व्यक्ति अपनी कार में मारा गया जबकि दूसरा उसके नजदीक सड़क पर मरा।
दोनों देशों के हमलों में ज्यादातर आम नागरिक निशाना बने हैं लेकिन दोनों ही देश हमेशा नागरिकों पर हमले न करने का दावा करते हैं। यूक्रेन ने रूस में 1,300 किलोमीटर से ज्यादा दूरी पर स्थित बाश्कोर्टोस्तान में बनी ऑयल रिफायनरी पर ड्रोन से हमला किया है।
इसी प्रकार से 700 किलोमीटर दूर यारोस्लाव क्षेत्र की रिफायनरी पर भी ड्रोन हमला किया है। इन हमलों से रिफायनरी में आग लगने की सूचना है। यूक्रेन ने काला सागर में रूसी जहाजों पर भी हमले का दावा किया है।



