अमेरिका के आसमान में संकट के बादल… कैसे ठप हो गया एयर ट्रैफिक

दुनिया के सबसे व्यस्त विमानन नेटवर्कों में से एक शुक्रवार को कई घंटों तक ठप रहा। अमेरिका भर के हवाई अड्डों पर उड़ानों में भारी देरी हुई, विमानों की रवानगी रोक दी गई और कई विमानों का रास्ता बदलना पड़ा। ऐसा तब हुआ जब संचार व्यवस्था में खराबी के कारण फेडरल एविएशन एडमिनिस्ट्रेशन (FAA) को पूरे देश में उड़ान संचालन रोकना पड़ा।
हजारों यात्री फंस गए और एयरलाइंस इस अव्यवस्था को संभालने के लिए संघर्ष कर रही थीं। 13 नवंबर को एफएए ने पूरे देश में विमानों की उड़ान पर रोक (ग्राउंड स्टॉप) लगा दी। संचार संबंधी समस्याओं ने देश भर के एयर ट्रैफिक कंट्रोल सेंटरों को प्रभावित किया। हालांकि, जो विमान पहले से हवा में थे उन्हें अपनी मंजिल की ओर जाने की अनुमति दी गई लेकिन विमानों के उड़ान भरने पर चार घंटे से अधिक समय तक रोक लगी रही।
15 लाख से ज्यादा यात्री प्रभावित
11 सितंबर, 2001 के हमलों के बाद पूरे देश में विमानन सेवाओं को रोकने की यह दूसरी घटना थी, जिससे लगभग 15 लाख यात्री प्रभावित हुए। 10,000 से अधिक उड़ानें या तो देरी से चलीं या रद कर दी गईं, जबकि सैकड़ों उड़ानों का मार्ग बदल दिया गया। एफएफ ने रात 8:15 बजे पाबंदियां हटा लीं। हालांकि, एयरलाइंस द्वारा विमानों और क्रू को वापस सही जगहों पर व्यवस्थित करने की प्रक्रिया के दौरान भी कामकाज में रुकावटें बनी रहीं।
अमेरिकी परिवहन सचिव शॉन डफी ने चेतावनी दी कि जब तक देश के पुराने हो चुके एविएशन इंफ्रास्ट्रक्चर को पूरी तरह से दुरुस्त नहीं किया जाता तब तक ऐसी घटनाएं दोबारा हो सकती हैं।
तो आइए जानते हैं यह व्यवधान कैसे शुरू हुआ, शटडाउन की वजह क्या थी, अधिकारियों ने इस पर क्या कदम उठाए और इसका असर शुक्रवार के बाद भी क्यों बना रह सकता है।
कम्युनिकेशन फेलियर से पूरे देश में ग्राउंड स्टॉप तक
ईस्टर्न टाइम के अनुसार शुक्रवार दोपहर लगभग 3 बजकर 36 मिनट पर ये समस्या शुरू हुई। एफएए को पूरे देश में एयर ट्रैफिक कंट्रोल सुविधाओं और टर्मिनल रडार अप्रोच कंट्रोल (TRACON) केंद्रों पर टेलीकम्युनिकेशन संबंधी दिक्कतों का सामना करना पड़ा।
इस तकनीकी खराबी ने कई एयर रूट ट्रैफिक कंट्रोल सेंटर्स को प्रभावित किया, जिनमें हवाई अड्डों के बीच उड़ान भरने वाले विमानों को दिशा-निर्देश देने वाली 22 क्षेत्रीय सुविधाएं भी शामिल थीं। सुरक्षा चिंताओं को देखते हुए एफएए ने और अधिक विमानों की उड़ान को रोकने के लिए पूरे देश में ग्राउंड स्टॉप का आदेश दिया।
एजेंसी ने इस स्थिति को टेलीकम्युनिकेशन आउटेज बताया और कहा कि ये पाबंदियां असाधारण परिस्थितियों और सुरक्षा कारणों से लगाई गई थीं। उस समय पूरे अमेरिका में 3,500 से अधिक विमान हवा में थे। जो उड़ानें पहले से हवा में थीं उन्हें अपने गंतव्य की ओर जाने की अनुमति दी गई। इस दौरान पायलटों और एयर ट्रैफिक कंट्रोलरों ने सुरक्षित लैंडिंग सुनिश्चित करने के लिए तय प्रक्रियाओं का पालन किया।
एक्स पर एक पोस्ट में इस व्यवधान की समय-सीमा बताते हुए अमेरिकी परिवहन सचिव शॉन डफी ने कहा कि विमानों के सुरक्षित रूप से उतरने के बाद रात 8 बजे (ईटी) तक अमेरिकी हवाई क्षेत्र में विमानों की संख्या घटकर 400 से भी कम रह गई थी। डफी ने स्पष्ट किया कि इस व्यवधान के दौरान एफएए ने अपने रडार या दूरसंचार क्षमताओं को पूरी तरह से नहीं खोया था।
आपातकालीन मेडिकल निकासी उड़ानों, जीवन रक्षक सामान ले जाने वाले विमानों और कानून प्रवर्तन एजेंसियों के विमानों को काम जारी रखने की छूट दी गई थी। अंतरराष्ट्रीय उड़ानों के मामले में हर उड़ान को अलग-अलग स्थिति के आधार पर देखा गया, जबकि एयरलाइनों ने इस व्यवधान को संभालने के लिए अपने शेड्यूल में बदलाव किए।
प्रभावित प्रणालियों के ठीक होने के बाद एफएए ने पूर्वी समयानुसार रात 8:15 बजे देशव्यापी ग्राउंड स्टॉप हटा लिया। हालांकि, उड़ानों के फिर से शुरू होने से तुरंत सामान्य परिचालन बहाल नहीं हुआ। एयरलाइंस को देरी, रद होने और विमानों के अपने निर्धारित मार्गों से भटकने जैसी समस्याओं का सामना करना पड़ा।
पुराने राउटर और ओवरलोडेड सिस्टम
परिवहन सचिव शॉन डफी ने इस व्यवधान का कारण पुराने संचार उपकरणों को बताया, जिन पर डेटा का अत्यधिक बोझ आ गया था और वे एयर ट्रैफिक कंट्रोलरों को गलत या असंगत जानकारी भेजने लगे थे। व्हाइट हाउस की एक ब्रीफिंग में बोलते हुए डफी ने कहा कि सिस्टम में बीच-बीच में रडार और संचार संबंधी खराबी आ रही थी।
डफी ने कहा, “हमारे पास बहुत पुराने स्विच और राउटर हैं। हम 1980 के दशक की छोटी कॉपर लाइनों का इस्तेमाल करते हैं।” उन्होंने इस खराबी के पीछे की वजह पुराने उपकरणों के फेल होना बताई। उन्होंने कहा, “जो खराब हुआ वह पुराना था, है ना? यह पुराने उपकरण थे जो फेल हो गए। और सुनिए ये आगे भी फेल होते रहेंगे।”
एयर ट्रैफिक कंट्रोलर इस कम्युनिकेशन नेटवर्क का इस्तेमाल विमानों की आवाजाही को व्यवस्थित करने और पायलटों के साथ संपर्क बनाए रखने के लिए करते हैं। जब ऐसे सिस्टम भरोसेमंद नहीं रह जाते तो अधिकारी विमानों के उड़ान भरने पर रोक लगा सकते हैं, ताकि पहले से ही बाधित एयरस्पेस सिस्टम में और अधिक विमान न आएं।
जो विमान पहले से ही हवा में हैं, उनका क्या होता है?
जब एफएए पूरे देश में ग्राउंड स्टॉप का आदेश देता है तो हवा में मौजूद विमानों को तुरंत इमरजेंसी लैंडिंग करने का निर्देश नहीं दिया जाता है। यह प्रतिबंध मुख्य रूप से उड़ान भरने वाले विमानों पर लागू होता है, जबकि हवा में मौजूद विमानों को एयर ट्रैफिक कंट्रोलर उपलब्ध संचार और निगरानी प्रणालियों की मदद से नियंत्रित करते रहते हैं।
अमेरिकी परिवहन सचिव शॉन डफी के अनुसार, 13 नवंबर को आई रुकावट के दौरान जब एफएए ने प्रतिबंध लागू किए तब 3,500 से अधिक विमान हवा में थे। पायलटों और एयर ट्रैफिक कंट्रोलर्स ने विमान को सुरक्षित रूप से उतारने के लिए तय प्रक्रियाओं का पालन किया। डफी ने बताया कि शाम 8 बजे तक अमेरिकी हवाई क्षेत्र में विमानों की संख्या घटकर 400 से भी कम रह गई थी।
हालांकि, स्थिति तब और अधिक जटिल हो जाती है जब किसी विमान का एयर ट्रैफिक कंट्रोलर्स के साथ टू-वे रेडियो कम्युनिकेशन टूट जाता है। एफएए के एरोनॉटिकल इंफॉर्मेशन मैनुअल (AIM) के सेक्शन 6-4-1 में ऐसी स्थितियों के लिए प्रक्रियाएं बताई गई हैं। इसमें पायलटों को 14 सीएफआर सेक्शन 91.185 का संदर्भ दिया गया है, जो संचार विफल होने की स्थिति में इंस्ट्रूमेंट फ्लाइट रूल्स (IFR) के तहत उड़ान संचालन को नियंत्रित करता है।
इन नियमों के तहत अगर विज़ुअल मेटियोरोलॉजिकल कंडीशंस (VMC) में पायलटों का कम्युनिकेशन फेल हो जाता है तो उन्हें विज़ुअल फ्लाइट रूल्स (VFR) के अनुसार उड़ान जारी रखनी चाहिए और जल्द से जल्द सुरक्षित रूप से लैंड करना चाहिए। इसका मतलब यह नहीं है कि विमान को सबसे नजदीकी हवाई अड्डे पर ही उतारना जरूरी है।
एफएए स्पष्ट करता है कि पायलट अपने विवेक का इस्तेमाल कर सकते हैं। उन्हें किसी ऐसे हवाई अड्डे पर उतरने के लिए मजबूर नहीं किया जा सकता जो उपयुक्त न हो और न ही उन्हें अपना गंतव्य बदलने की जरूरत है, अगर वहां सुरक्षित रूप से उतरना अभी भी संभव हो।
अगर इंस्ट्रूमेंट मेटियोरोलॉजिकल कंडीशंस के दौरान कोई खराबी आती है तो पायलटों को तय रूट और ऊंचाई (एल्टीट्यूड) से जुड़े नियमों का पालन करना होता है। उन्हें एयर ट्रैफिक कंट्रोल द्वारा बताए गए आखिरी रूट, रडार-वेक्टर क्लीयरेंस में दिए गए रूट या अगर इनमें से कोई भी उपलब्ध न हो तो अपने फ्लाइट प्लान में दर्ज रूट का पालन करना होता है।
उन्हें अपनी पिछली निर्धारित ऊंचाई, न्यूनतम आईएफआर ऊंचाई और कंट्रोलर्स द्वारा पहले बताई गई ऊंचाई में से जो भी सबसे अधिक हो, उसे बनाए रखना चाहिए। रेडियो संचार फेल होने की स्थिति बताने के लिए पायलट एक विशेष ट्रांसपोंडर कोड 7600 का उपयोग करते हैं।
एफएए के एयर ट्रैफिक कंट्रोल मैनुअल के अनुसार, कंट्रोलर फिर आपातकालीन फ्रीक्वेंसी और अन्य उपलब्ध संचार माध्यमों का उपयोग करके संपर्क फिर से स्थापित करने का प्रयास करते हैं। यदि कोई विमान भीड़भाड़ या परिचालन संबंधी प्रतिबंधों के कारण सुरक्षित रूप से अपने निर्धारित गंतव्य तक नहीं पहुंच पाता है तो उसे किसी दूसरे हवाई अड्डे की ओर मोड़ा जा सकता है।
इसका उद्देश्य पहले से हवा में मौजूद विमानों की सुरक्षित आवाजाही को बनाए रखना है। साथ ही यह सुनिश्चित करना है कि पहले से ही अत्यधिक दबाव झेल रहे सिस्टम में और अधिक ट्रैफिक न आए।
कितनी उड़ानें और कितने यात्री प्रभावित हुए?
इस व्यवधान का असर पूरे अमेरिका के हवाई अड्डों पर पड़ा, जिससे यात्रियों को उड़ानों के रद होने, देरी और उन्हें दूसरे हवाई अड्डों की ओर मोड़े जाने (डायवर्जन) जैसी समस्याओं का सामना करना पड़ा। सीएनएन की रिपोर्ट के अनुसार, एविएशन एनालिटिक्स कंपनी सिरियम का अनुमान है कि इस व्यवधान से लगभग 15 लाख यात्री प्रभावित हुए।
शुक्रवार शाम 7:05 बजे तक कम से कम 827 उड़ानों को डायवर्ट कर दिया गया था। इनमें से 670 विमानों को उनके मूल प्रस्थान हवाई अड्डों पर वापस भेज दिया गया, जबकि 157 विमानों को अन्य हवाई अड्डों की ओर मोड़ दिया गया।
इस व्यवधान के कारण एयरपोर्ट के बुनियादी ढांचे पर भी दबाव पड़ा। खबरों के अनुसार, रोनाल्ड रीगन वाशिंगटन नेशनल एयरपोर्ट पर दूसरी जगहों से डायवर्ट होकर आए विमानों को रखने के लिए जगह कम पड़ गई, जिसके बाद वहां और विमानों को आने से रोक दिया गया।
जेटब्लू, यूनाइटेड एयरलाइंस और अमेरिकन एयरलाइंस सहित प्रमुख एयरलाइनों ने यात्रियों को लगातार हो रही दिक्कतों के बारे में चेतावनी दी है और उन्हें यात्रा करने से पहले अपनी फ्लाइट का स्टेटस चेक करने की सलाह दी है। जेटब्लू ने शुक्रवार के लिए अपनी बाकी घरेलू उड़ानें रद कर दी हैं। हालांकि न्यूयॉर्क के जेएफके और बोस्टन से यूरोप जाने वाली कुछ उड़ानों को इससे छूट दी गई है।
एयरलाइन ने यह भी चेतावनी दी है कि और उड़ानें रद्द होने से शनिवार के कामकाज पर भी असर पड़ सकता है।
अब आगे क्या होगा?
देशव्यापी प्रतिबंध हटने के बाद एयरलाइंस और हवाई अड्डों की तत्काल प्राथमिकता सामान्य परिचालन बहाल करना और बाधित यात्राओं के लंबित मामलों का प्रबंधन करना है। हालांकि, सामान्य समय-सारणी पर लौटने में समय लग सकता है।
उड़ानें रद होने और मार्ग परिवर्तन के कारण विस्थापित हुए विमानों और चालक दल को पुनः स्थापित करना आवश्यक है, जबकि एयरलाइनों को उन यात्रियों के लिए व्यवस्था करनी होगी जिनकी यात्रा बाधित हुई है। एफएए और अन्य एजेंसियां संचार विफलता की जांच जारी रखे हुए हैं।
जांच से सटीक तकनीकी कारण का पता चलने की उम्मीद है। साथ ही यह भी स्पष्ट हो सकेगा कि देश के एयर ट्रैफिक कंट्रोल नेटवर्क में कोई और कमियां मौजूद हैं या नहीं। यात्रियों के लिए वीकेंड तक दिक्कतें बनी रह सकती हैं क्योंकि एयरलाइंस अपने शेड्यूल को फिर से बहाल करने की कोशिश कर रही हैं।
इस बीच, आपातकालीन फंडिंग के लिए डफी की 50 अरब डॉलर की मांग ने अमेरिकी एयर ट्रैफिक कंट्रोल सिस्टम के आधुनिकीकरण को फिर से चर्चा के केंद्र में ला दिया है। परिवहन सचिव ने चेतावनी दी है कि अगर इस सिस्टम में व्यापक सुधार नहीं किया गया तो इसमें आगे भी गड़बड़ियां हो सकती हैं।



