अब स्वच्छ नहीं रही सिटी ब्यूटीफुल चंडीगढ़ की हवा, संडे को सड़कों पर 90 फीसद वाहन कम, फिर भी प्रदूषित है हवा
सिटी ब्यूटीफुल चंडीगढ़ की हवा अब स्वच्छ नहीं रही। हवा पहले के मुकाबले दिन प्रतिदिन खराब हो रही है। हवा में पर्टिक्यूलेट मैटर (पीएम) 2.5 और पीएम 10 की मात्रा लगातार बढ़ रही है। इससे एयर क्वालिटी इंडेक्स बढ़ रहा है। अब तो यह कण हवा में ही तैर रहे हैं। वाहनों की संख्या कम होने पर भी प्रदूषण की स्थिति वैसी ही बनी है।
रविवार को सभी सरकारी और अधिकतर प्राइवेट ऑफिस में छुट्टी होती है। रोजाना के मुकाबले दस फीसद वाहन भी रविवार को सड़कों पर नहीं होते। बावजूद इसके लिए रविवार सुबह ही पॉल्यूशन का एयर क्वालिटी इंडेक्स 130 माइक्रोग्राम प्रति क्यूबिक मीटर दर्ज किया गया। जबकि 20 दिन पहले तक रविवार को यह 50 से भी नीचे होता था। अब यह लगातार बढ़ रहा है इससे हवा में सांस लेना तक दूभर हो जाएगा।
जलने लगी पराली
पंजाब और हरियाणा में धान कटाई का सीजन इन दिनों जोरों पर है। धान कटाई के बाद किसानों ने कई जगह पराली जलाना भी शुरू कर दिया है। पराली से निकलने वाला धुआं हवा को जहरीला कर रहा है। हवा के तेज प्रभाव से यह जहरीली गैस चंडीगढ़ तक मार कर रही हैं। इससे यहां की हवा भी जहरीली हो रही है। विशेषज्ञों का मानना है कि अगले एक सप्ताह में स्थिति और खराब होगी। पंजाब और हरियाणा सरकार ने सख्त कदम नहीं उठाए तो पूरे रीजन में प्रदूषण स्लो पॉइजन बन जाएगा। जो सांस के मरीजों के लिए सबसे घातक होगा।
नई दिल्ली में भी बढ़ा
देश की राजधानी दिल्ली भी धुएं की चपेट में आने लगी है। रविवार को नई दिल्ली का एक्यूआइ मानक 172 दर्ज किया गया। हरियाणा के अंबाला का 140 करनाल का 111 रहा। वहीं पंजाब के शहरों की बात करें तो जालंधर की हवा सबसे खराब है। यहां एक्यूआई सुबह 159 दर्ज किया गया। इसी तरह से अमृतसर का 100, लुधियाना का 120 दर्ज किया गया। अगले कुछ दिनों में इसके और बढ़ने की संभावना है।