रघुवर दास ने झारखंड की महागठबंधन सरकार पर जमकर साधा निशाना, कहा…

होली अभी दूर है लेकिन झारखंड में चुनावी रंग चढ़ने लगा है। सियासी दलों के बीच आरोप-प्रत्यारोप जारी है। इसी बीच जमशेदपुर में आयोजित एक कार्यक्रम में रघुवर दास ने झारखंड की महागठबंधन सरकार पर जमकर हमला बोला। उन्होंने मौजूदा झामुमो-कांग्रेस महागठबंधन को मिशन-कमीशन बताया। मुख्यमंत्री की आलोचना करते हुए रघुवर दास ने कहा कि प्रदेश में 5 मर्तबा झामुमो का मुख्यमंत्री बना लेकिन जनता नहीं बल्कि परिवार की चिंता की। खुद सीएम के विधायक प्रतिनिधि 1000 करोड़ रुपये के खनन घोटाला केस में जेल में है।

रघुवर दास ने हेमंत कार्यकाल की आलोचना की
रघुवर दास ने कहा कि महागठबंधन सरकार के 3 साल का कार्यकाल का विश्लेषण यही कहता है कि हेमंत सोरेन ने 3 साल में राज्य को कटमनी, कमीशनखोरी और सिंडीकेट के हवाले कर दिया है। अपने कार्यकाल का उदाहरण देते हुए पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि 2015 में हमने किसानों, व्यापारियों और आम जनता के हितों को ध्यान में रखते हुए मंडी शुल्क खत्म कर दिया था। अब राज्य कृषि उपज एवं पशुधन विपणन-2022 द्वारा दोबारा 2 फीसदी मंडी शुल्क लगा दिया गया। यह अव्यावहारिक कदम है। किसानों और व्यावसायियों को नुकसान होगा।
आगामी लोकसभा चुनाव में सभी 14 सीटें जीतेंगे!
मिशन-2024 की चर्चा करते हुए बीजेपी के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष ने कहा कि आगामी लोकसभा चुनाव में राष्ट्रीय नेतृत्व ने प्रदेश की 14 लोकसभा सीटों पर जीत का लक्ष्य तय किया है। उन्होंने कहा कि नरेंद्र मोदी जब से देश के प्रधानमंत्री बने तब से देश में जातिवाद, वोटबैंक और परिवारवाद की राजनीति का खात्मा हुआ है। देश में विकास और सुशासन की राजनीति हो रही है। 8 साल के बीजेपी कार्यकाल में समाज के सभी वर्गों का सर्वांगीण विकास हुआ है। रघुवर दास ने कहा कि 11 करोड़ इज्जत घर (शौचालय) 9 करोड़ लोगों को उज्जवला योजना के निशुल्क गैस कनेक्शन, पीएम आवास योजना के तहत 3 करोड़ परिवारों को पक्का मकान और घरों में नल से जल पहुंचाने का काम उत्तरोत्तर जारी है।



