झारखंड के देवघर जिले में भीषण मुठभेड़, 2 पुलिसकर्मी हुए शहीद…

झारखंड के देवघर जिले में भीषण मुठभेड़ की खबर सामने आई है। जिले में अपराधियों के साथ मुठभेड़ में 2 पुलिसकर्मी शहीद हो गए। मिली जानकारी के मुताबिक जिले के नगर थानाक्षेत्र अंतर्गत श्याम गंज अंडा पट्टी मोहल्ले में मुठभेड़ की घटना हुई। यहां मछली व्यवसायी सुधाकर झा की सुरक्षा में तैनात पुलिस के 2 जवान शहीद हो गए। घटनास्थल की दूरी नगर थाना से महज 500 मीटर है। इसलिए भी पुलिस की कार्यशैली को लेकर सवाल उठ रहे हैं। मृत जवानों की पहचान रवि कुमार मिश्रा और संतोष यादव के रूप में हुई है। दोनों साहिबगंज के रहने वाले थे।

पुरानी रंजिश को लेकर हुआ था जानलेवा हमला
घटना के संबंध में मिली जानकारी के मुताबिक किसी पुरानी रंजिश को लेकर देवघर के बड़े मछली व्यवसायी सुधाकर झा के मुंशी पर जानलेवा हमला हुआ था। तब उन्होंने पुलिस अधीक्षक से सुरक्षा की मांग की थी। उनकी मांग पर विचार करते हुए पुलिस दोनों जवानों को उनकी सुरक्षा में लगाया गया था।
अपराधियों ने थाना प्रभारी पर भी हमला किया
बताया जाता है कि शनिवार देर रात अज्ञात अपराधियों ने सुधाकर झा के घर पर हमला किया। जवानों ने भी मोर्चा संभाला और जवाबी फायरिंग की। इस दौरान दोनों ओर से कई राउंड गोलियां चली। मुठभेड़ के दौरान गोली लगने से दोनों जवानों की मौत हो गई। बताया जा रहा है कि मुठभेड़ स्थल पर तलवारबाजी भी हुई है। घटना के समय दोनों जवान सिविल ड्रेस में थे। घटना की सूचना मिलते ही नगर थाना प्रभारी केके साहू दलबल के साथ घटनास्थल पर पहुंची। कहा जा रहा है कि अपराधियों ने थाना प्रभारी की गाड़ी पर भी फायरिंग की।



