जानें किस वजह से परिवहन विभाग ने ओला-उबर और रैपिडो को भेजा नोटिस…

राजधानी में अवैध रूप से चल रही बाइक टैक्सी पर दिल्ली परिवहन विभाग ने सख्ती बढ़ा दी है। मंगलवार को बाइक टैक्सी चलाने पर रोक के बाद भी बुकिंग लेने पर ओला, उबर और रैपिडो को कारण बताओ नोटिस जारी किया है। तीनों कंपनियों को सात दिन में जवाब देना होगा। परिवहन विभाग अब तक करीब 50 बाइक टैक्सी का चालान कर चुका है।

दिल्ली सरकार ने 19 फरवरी को सार्वजनिक नोटिस जारी कर बाइक टैक्सी संचालन पर रोक लगा दी है। ऐसा करने वालों के खिलाफ अभियान चलाकर कार्रवाई शुरू कर दी है। परिवहन विभाग के एक वरिष्ठ अधिकारी के मुताबिक, उसके बाद भी कंपनियां अपने मोबाइल ऐप पर बाइक टैक्सी की बुकिंग कर रही हैं।

रोक के बाद बाइक टैक्सी की बुकिंग लेने पर परिवहन विभाग ने गंभीरता से लेते हुए तीनों कंपनियों को कारण बताओ नोटिस जारी किया है। दिल्ली में अभी बाइक टैक्सी चलाने को लेकर कोई नीति नहीं है। टैक्सी श्रेणी में दुपहिया वाहनों का पंजीकरण भी नहीं होता है। लोग निजी दोपहिया वाहनों के साथ बाइक टैक्सी में चला रहे हैं।

हालांकि, सरकार का कहना है कि इस दिशा में काम किया जा रहा है। परिवहन मंत्री कैलाश गहलोत के मुताबिक, जल्द ही दिल्ली में बाइक टैक्सी समेत अन्य मोबाइल ऐप बेस्ड टैक्सी सेवा प्रदाता कंपनियों के लिए नीति लेकर आएंगे।

खुद बुकिंग कर चालान काट रहे परिवहन अधिकारी जमीनी हकीकत जानने व कार्रवाई के लिए खुद कंपनियों के मोबाइल ऐप से बाइक टैक्सी की बुकिंग कर रहे हैं। जब बाइक आती है तो उसका चालान काटा जा रहा है। दो दिन में करीब 50 चालान काटे जा चुके हैं।

अधर में बाइट टैक्सी चालकों का भविष्य

दिल्ली सरकार की ओर से बाइक टैक्सी सर्विस पर प्रतिबंध लगाने के बाद से दिल्ली में बड़ी संख्या में युवक बेरोजगार होने के कगार पर पहुंच गए हैं। अपनी निजी बाइकों के जरिए रोजगार पाने वाले युवाओं के लिए यह दिन निराशा भरा रहा है। बाइक टैक्सी चालकों का कहना है कि उनको आगे भविष्य अधर में नजर आ रहा है।

बाइक टैक्सी चालक मोनू ने कहा कि मैंने बैंक से लोन लेकर बाइक खरीदी थी। सोचा था अपना खुद का काम करूंगा। पांच महीने से काम बढ़िया चल रहा था। सरकार इन्हें बंद करने के लिए कह रही है। लोन कैसे चुकाऊंगा, घर का खर्चा और बच्चों की फीस, सब इस बाइक के सहारे ही निकाल रहा हूं।

Related Articles

Back to top button