देश के पूर्व और पूर्व-प्रायद्वीपीय क्षेत्र के कुछ जिलों में भीषण लू चलने की संभावना…

 देश के अधिकांश हिस्सों में मंगलवार को तापमान 40 से 44 डिग्री सेल्सियस के बीच बना रहा, जबकि उत्तर प्रदेश के हमीरपुर और प्रयागराज में तापमान 44.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। दिल्ली के प्राथमिक मौसम केंद्र, सफदरजंग स्‍टेशन में अधिकतम तापमान सामान्य से चार डिग्री अधिक 40.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। यह लगातार चौथा दिन है जब अधिकतम तापमान यहां 40 डिग्री सेल्सियस से ऊपर दर्ज हुआ है। पूसा और पीतमपुरा क्षेत्रों में अधिकतम तापमान 41.6 डिग्री से 41.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने कहा कि बुधवार को बादल छाए रहने और हल्की बारिश से शहर में गर्मी से कुछ राहत मिल सकती है। आईएमडी ने कहा कि पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र में पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने से मंगलवार से उत्तर पश्चिमी मैदानी इलाकों में हल्की बारिश होने का अनुमान है। इस महीने की शुरुआत में, आईएमडी कार्यालय ने उत्तर-पश्चिम और प्रायद्वीपीय क्षेत्रों को छोड़कर अप्रैल से जून तक देश के अधिकांश हिस्सों में सामान्य से अधिक अधिकतम तापमान की भविष्यवाणी की थी। इस अवधि के दौरान मध्य, पूर्व और उत्तर-पश्चिम भारत के अधिकांश हिस्सों में सामान्य से अधिक गर्म हवा के दिनों की उम्मीद है।

मौसम विभाग ने बिहार के पटना, बांका, जमुई, नवादा, औरंगाबाद, सुपौल और कई अन्य जिलों में मंगलवार से दो दिनों तक भीषण लू चलने की चेतावनी के साथ ‘ऑरेंज’ अलर्ट जारी किया है। इसके अलावा, राज्य के बेगूसराय, नालंदा, गया, अरवल, भोजपुर, रोहतास, बक्सर, खगड़िया और मुंगेर क्षेत्रों में भी ‘येलो’ अलर्ट जारी क‍िया गया है। पश्चिम बंगाल में, बांकुरा में उच्चतम तापमान 43.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि राजधानी कोलकाता में अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। हरियाणा और पंजाब में गर्म मौसम की स्थिति बनी हुई है और दोनों राज्यों के अधिकांश हिस्सों में अधिकतम तापमान 40 डिग्री से ऊपर दर्ज किया गया है। मौसम विभाग की एक रिपोर्ट के अनुसार, हरियाणा के हिसार में भीषण गर्मी पड़ रही है और पारा 41.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है।

Related Articles

Back to top button
T20: भारत का क्लीन स्वीप जानिये कितने खतरनाक हैं कबूतर। शतपावली: स्वस्थ रहने का एक आसान उपाय भारतीय मौसम की ALERT कलर कोडिंग In Uttar Pradesh Call in Emergency