राजधानी में फिर प्रदूषण बढ़ा,सात इलाकों में एक्यूआई 400 के पार

दिल्ली-एनसीआर की हवा बेहद खराब श्रेणी में पहुंच गई है। सोमवार के मुकाबले मंगलवार को वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) में 35 अंक की बढ़ोतरी हुई। इससे एक्यूआई 368 दर्ज किया गया। सुबह के समय घना कोहरा छाया रहा।

दोपहर बाद हल्की धूप खिली। दिनभर चली ठंडी हवाओं के कारण प्रदूषण का स्तर कम नहीं हो पाया। हालत यह रही कि दिल्ली के सात इलाकों में प्रदूषण का स्तर 400 के पार दर्ज किया गया, जबकि 20 इलाकों में हवा बेहद खराब दर्ज की गई। मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि हवा की गति कम होने से और प्रदूषक कण संघन हो गए हैं, जिससे वायु गुणवत्ता बेहद खराब श्रेणी में स्थिर बनी हुई है। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड ने 26 जनवरी तक दिल्ली का प्रदूषण स्तर बेहद खराब श्रेणी में रहने की आशंका जताई है।

भारतीय उष्णदेशीय मौसम विज्ञान संस्थान (आईआईटीएम) के मुताबिक, मंगलवार को दिल्ली में मुख्य सतही हवा दक्षिण-पश्चिम, उत्तर-पश्चिम दिशाओं से चार किमी प्रति घंटे की गति से चली। बुधवार को मुख्य सतही हवाएं उत्तर-पश्चिम व उत्तर दिशाओं से तीन से चार किमी प्रति घंटे की गति से चल सकती हैं। सीपीसीबी के मुताबिक सात इलाकों में गंभीर श्रेणी में हवा दर्ज की गई। इसमें वजीरपुर में सर्वाधिक एक्यूआई 420 रहा, जो गंभीर श्रेणी है। इसके अलावा आनंद विहार में 403, जहांगीरपुरी व मुंडका में 411, नरेला में 401, पंजाबी बाग में 407, शादीपुर में 403 व विकासपुरी में 407 दर्ज किया गया, जबकि 20 इलाकों में प्रदूषण का स्तर 300 के पार रहा।

Related Articles

Back to top button