उत्तराखंड मुक्त विवि की पहल: होम स्टे प्रबंधन में एक वर्षीय डिप्लोमा शुरू

पर्यटन और स्थानीय रोजगार को नई दिशा देने के उद्देश्य से उत्तराखंड मुक्त विश्वविद्यालय ने युवाओं के लिए इस शैक्षणिक सत्र में कई नए रोजगारोन्मुखी पाठ्यक्रम शुरू किए हैं। इनमें सबसे खास होम स्टे प्रबंधन में एक वर्षीय डिप्लोमा है, जो राज्य में तेजी से बढ़ रहे होम स्टे व्यवसाय के लिए प्रशिक्षित मानव संसाधन तैयार करेगा।

उत्तराखंड मुक्त विश्वविद्यालय की प्रवेश प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। ऋषिकेश और आसपास के क्षेत्रों के छात्र-छात्राएं श्रीदेव सुमन उत्तराखंड विश्वविद्यालय के पीएलएमएस परिसर स्थित यूओयू अध्ययन केंद्र के माध्यम से प्रवेश ले सकते हैं। राज्य में पर्यटन को बढ़ावा देने के साथ-साथ स्थानीय युवाओं को स्वरोजगार से जोड़ने के उद्देश्य से शुरू किया गया होम स्टे प्रबंधन डिप्लोमा (होम स्टे सहायक प्रबंधक) छात्रों को आतिथ्य, पर्यटक प्रबंधन, ग्राहक सेवा, विपणन और होम स्टे संचालन की व्यावहारिक जानकारी देगा। इससे पहाड़ी क्षेत्रों में स्वरोजगार के नए अवसर भी बढ़ेंगे।

देहरादून परिक्षेत्र में 16 हजार से अधिक छात्र-छात्राएं अध्ययनरत
उत्तराखंड मुक्त विश्वविद्यालय ने स्थानीय संस्कृति और भाषाई विरासत को सहेजने की दिशा में भी महत्वपूर्ण कदम उठाया है। इस सत्र से गढ़वाली, कुमाऊनी और नेपाली भाषा में भी एक वर्षीय डिप्लोमा पाठ्यक्रम संचालित हो रहे हैं। विवि के अधिकारियों का कहना है कि इन पाठ्यक्रमों का उद्देश्य क्षेत्रीय भाषाओं के संरक्षण के साथ-साथ युवाओं को भाषा आधारित रोजगार और शोध के अवसर उपलब्ध कराना है।

उत्तराखंड मुक्त विश्वविद्यालय में वर्तमान में स्नातकोत्तर स्तर पर 35, स्नातक स्तर पर 15, एक वर्षीय डिप्लोमा के 16 तथा 29 प्रमाणपत्र (सर्टिफिकेट) पाठ्यक्रम संचालित किए जा रहे हैं। विश्वविद्यालय में पूरे प्रदेश से 80 हजार से अधिक विद्यार्थी पंजीकृत हैं, जबकि देहरादून परिक्षेत्र में 16 हजार से अधिक छात्र-छात्राएं अध्ययनरत हैं।

इस परिक्षेत्र में 22 महाविद्यालयों में विश्वविद्यालय के अध्ययन केंद्र संचालित हो रहे हैं। इस वर्ष एक और महत्वपूर्ण पहल के तहत नेपाली छात्रों को भी विश्वविद्यालय में प्रवेश की सुविधा दी जाएगी, जिससे सीमावर्ती क्षेत्रों के विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा के अधिक अवसर मिल सकेंगे।

विवि में प्रवेश प्रक्रिया एक जुलाई से शुरू हो गई है। इस बार होम स्टे प्रबंधन में भी एक वर्षीय डिप्लोमा पाठ्यक्रम शुरू किया गया है। – गोविंद सिंह रावत, सहायक क्षेत्रीय निदेशक, उत्तराखंड मुक्त विश्वविद्यालय

Related Articles

Back to top button
T20: भारत का क्लीन स्वीप जानिये कितने खतरनाक हैं कबूतर। शतपावली: स्वस्थ रहने का एक आसान उपाय भारतीय मौसम की ALERT कलर कोडिंग In Uttar Pradesh Call in Emergency