T20 इतिहास का सबसे बड़ा रन चेज, स्टीव स्मिथ की टीम ने रचा कीर्तिमान

मेजर लीग क्रिकेट 2026 के एलिमिनेटर मुकाबले में वॉशिंगटन फ्रीडम ने MI न्यूयॉर्क को 6 विकेट से हराकर इतिहास रच दिया। ओकलैंड में खेले गए मुकाबले में स्टीव स्मिथ की कप्तानी वाली फ्रीडम ने MI न्यूयॉर्क के खिलाफ रिकॉर्ड-तोड़ रन चेज किया। इसके साथ ही आईपीएल फ्रेंचाइजी पंजाब किंग्स का रिकॉर्ड टूट गया। पंजाब किंग्स ने अरुण जेटली स्टेडियम में दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ 265 रन चेज किए थे।
पूरन ने ठोका शतक
निकोलस पूरन के MLC में सबसे तेज शतक (31 गेंद) की मदद से MI न्यूयॉर्क ने 20 ओवर में 266/9 स्कोर बनाया। इसके बाद फ्रीडम ने स्टीव स्मिथ और एंड्रिस गौस के साथ तीसरे विकेट के लिए जबरदस्त साझेदारी करते हुए 89 गेंदों में 241 रन बनाए और मैच पर पकड़ बना ली।
फ्रेंचाइजी टी20 क्रिकेट में सबसे तेज शतक
30 गेंद: क्रिस गेल
31 गेंद: निकोलस पूरन
35 गेंद: फिन एलन
35 गेंद: वैभव सूर्यवंशी
35 गेंद: उस्मान खान
36 गेंद: वैभव सूर्यवंशी
स्थिम ने ठोकी सेंचुरी
ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेटर स्मिथ ने 48 गेंदों पर नाबाद 110 रन बनाए। वहीं विकेटकीपर-बल्लेबाज गौस ने 51 गेंदों पर 132 रन की पारी खेली। इस दौरान उन्होंने दस चौके और 12 छक्के जड़े। इस शानदार बल्लेबाजी के लिए उन्हें ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ चुना गया।
8 गेंद पहले जीता मैच
वॉशिंगटन फ्रीडम ने 8 गेंद पहले ही 270/4 रन बनाकर टारगेट हासिल किया। यह T20 क्रिकेट में सबसे ज्यादा रन चेज है। इससे पहले यह रिकॉर्ड पंजाब किंग्स के नाम था। केएल राहुल की 67 गेंदों पर नाबाद 152 रनों की पारी की बदौलत दिल्ली कैपिटल्स ने 20 ओवर में 264 रन बनाए थे। नीतीश राणा के बल्ले से 91 रन निकले थे।
दोनों के बीच 95 गेंदों पर 220 रन की साझेदारी हुई थी। पंजाब किंग्स ने 265 रन के टारगेट को 19वें ओवर में हासिल कर लिया था। प्रियांश आर्य (43) और प्रभसिमरन सिंह (76) ने PBKS को तेज शुरुआत दी थी। इसके बाद कप्तान श्रेयस अय्यर ने 36 गेंदों पर नाबाद 71 रन की पारी खेलकर अपनी टीम को जीत दिला दी थी।
19 जुलाई को फाइनल
MLC 2026 प्लेऑफ में वॉशिंगटन फ्रीडम का मुकाबला सैन फ्रांसिस्को यूनिकॉर्न्स से होगा और जीतने वाली टीम फाइनल में पहुंचेगी, ओकलैंड कोलिजीयम में उनका मुकाबला लॉस एंजिल्स नाइट राइडर्स से होगा। निर्णायक मुकाबला 19 जुलाई को खेला जाएगा।



