पुरानी दिल्ली 6 का शानदार ‘कमबैक’: जीत से गदगद हुए मालिक आकाश नांगिया

दिल्ली प्रीमियर लीग (DPL) 2026 में न्यू दिल्ली टाइगर्स पर 27 रन की शानदार जीत दर्ज करने के बाद पुरानी दिल्ली 6 के मालिक आकाश नांगिया ने टीम के प्रदर्शन पर संतोष व्यक्त करते हुए कहा कि उनकी टीम इस जीत से मिले आत्मविश्वास को आगे भी बरकरार रखेगी।
आकाश नांगिया ने कहा, “सेंट्रल दिल्ली किंग्स के खिलाफ मिली हार के बाद टीम ने जिस मजबूती और जुझारूपन के साथ वापसी की, वह खिलाड़ियों के चरित्र और आत्मविश्वास को दर्शाता है। लंबे टूर्नामेंट में हार के बाद तुरंत वापसी करना बेहद महत्वपूर्ण होता है और टीम ने दबाव के समय शानदार प्रदर्शन किया।”
उन्होंने कहा, “सेंट्रल दिल्ली किंग्स के खिलाफ मुकाबले के बाद यह जीत हमारे लिए बेहद अहम थी। जिस तरह टीम ने वापसी की, उससे खिलाड़ियों का जज्बा और मानसिक मजबूती साफ दिखाई देती है।”
नांगिया ने सलामी बल्लेबाज आर्यन गौर की मैच जिताऊ पारी की जमकर सराहना करते हुए कहा, “आर्यन ने शानदार शुरुआत देकर जीत की मजबूत नींव रखी। उन्होंने शानदार, परिपक्व और सकारात्मक सोच वाली पारी खेली। वहीं हमारे गेंदबाजों ने लक्ष्य का बचाव करते हुए अपनी योजनाओं को बेहतरीन तरीके से अमल में उतारा और पूरे मुकाबले में विपक्षी टीम पर दबाव बनाए रखा।”
इस मुकाबले के दौरान पूर्व भारतीय क्रिकेटर हरभजन सिंह को दिल्ली एवं जिला क्रिकेट संघ (डीडीसीए) के अध्यक्ष रोहन जेटली ने सम्मानित किया। हरभजन सिंह पुरानी दिल्ली 6 का उत्साह बढ़ाने के लिए स्टेडियम पहुंचे थे, जिससे लीग का रोमांच और बढ़ गया।
आकाश नांगिया ने हरभजन सिंह का फ्रेंचाइजी का समर्थन करने के लिए आभार व्यक्त करते हुए कहा, “टीम की सबसे बड़ी ताकत यह रही है कि अलग-अलग मुकाबलों में अलग-अलग खिलाड़ियों ने जिम्मेदारी निभाई है। उनका मानना है कि पूरे टूर्नामेंट में सामूहिक प्रदर्शन और निरंतरता ही सफलता की कुंजी होगी। आने वाले मुकाबलों में भी टीम का लक्ष्य जीत की इस लय को बनाए रखना, हर मैच के साथ अपने प्रदर्शन में सुधार करना और पूरे टूर्नामेंट में लगातार अच्छा खेल दिखाना है।”
गुरुवार को अरुण जेटली स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में पुरानी दिल्ली 6 ने शानदार ऑलराउंड प्रदर्शन करते हुए न्यू दिल्ली टाइगर्स को 27 रन से हराकर डीपीएल 2026 में अपनी दूसरी जीत दर्ज की।
टीम
अनुज रावत (कप्तान), ललित यादव, उधव मोहन, रजनीश दादर, रोहन राणा, आर्यन गौर, वनम अग्रवाल, अजय अहलावत, कुश नागपाल, दिग्वेश राठी, युग गुप्ता, कबीर सचदेवा, गौरव सरोहा, देव लाकड़ा, समर्थ सेठ, मोहक कुमार, यश कुमार, पंकज जसवाल, हर्षवर्धन फोगाट, अर्जुन रेक्सवाल, लक्ष्य वर्मा, प्रिंस मिश्रा, अश्विनी चिल्लर, आदित्य वर्मा, आदित्य मल्होत्रा।



