अमेरिका में मध्यावधि चुनावों से पहले ट्रंप का यू-टर्न

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनल्ड ट्रंप ने कनाडा को ट्रेड में रियायत देते हुए कुछ टैरिफों को हटाने की घोषणा शुक्रवार को की। ट्रंप ने इससे पहले रूस पर लगे प्रतिबंधों में ढील देते हुए भारत और चीन को राहत दी थी।
राष्ट्रपति ट्रंप का ये फैसला मध्यावधि चुनावों से दो हफ्ते पहले आया है। इस पर एक रिपब्लिकन उम्मीदवार ने दावा किया है कि उन्होंने ही इस बदलाव के लिए पैरवी की थी जिस पर राष्ट्रपति ने फैसला लिया है।
क्या है कनाडा को मिली छूट
व्हाइट हाउस ने बयान जारी कर बताया कि शुल्क में दी गई छूट प्लाईवुड शीट, कुछ कागजों के उत्पादों, कुछ खास मशीनों संग रेफ्रिजरेशन उपकरणों पर ही लागू होगी। इनसे जुड़े व्यवसाय को ही राहत मिलेगी।
ट्रंप को मिलेगा फायदा
अमेरिका में मध्यावधि चुनाव हैं ऐसे में ट्रंप की पार्टी का जीतना मुश्किल लग रहा है। ट्रंप के इस कदम से सीनेटर सुसान कोलिन्स को चुनाव जीतने में मदद मिल सकती है। उन्हें अमेरिका-कनाडा सीमा से लगे राज्य मेन (Maine) में एक डेमोक्रेट उम्मीदवार से चुनौती मिलने की उम्मीद जताई जा रही है। बता दें कि ट्रंप की ओर से शुल्क में लगातार बदलाव और ट्रेड के सख्त फैसलों की वजह से इस राज्य को काफी नुकसान हुआ था।
मध्यावधि चुनाव तीन नवंबर को होने वाले हैं। इस चुनाव में डेमोक्रेट्स रिपब्लिकन पार्टी से कांग्रेस का नियंत्रण वापस पाने की कोशिश करेंगे।
नए सामान पर लगा टैक्स
कनाडा का लगभग 70 प्रतिशत निर्यात अमेरिका में ही जाता है। इससे पहले अगस्त में व्यापार वार्ता विफल होने के बाद से उत्तरी अमेरिका के इन पड़ोसी देशों के बीच तनाव काफी बढ़ गया है, जिसके जवाब में ट्रंप ने कई नए शुल्क लगा दिए। इधर, व्हाइट हाउस ने बताया कि शुक्रवार के कुछ सामानों पर से टैरिफ हटा लिए गए हैं, लेकिन कुछ सामान पर शुल्क लगाए गए हैं जो इस लिस्ट में नई हैं। इनमें कालीन, कुछ तरह के वाल्व और अपशिष्ट उत्पादों (वेस्ट प्रोडक्ट्स) जैसी नई वस्तुएं हैं ये नए नियम 30 अक्टूबर से लागू होंगे।
कनाडा करेगा आकलन
ओटावा में अमेरिका-कनाडा व्यापार के प्रभारी मंत्री डोमिनिक लेब्लैंक ने विदेशी समाचार एजेंसी को दिए बयान में बताया कि कनाडा सरकार का ध्यान अमेरिका के इन टैरिफ कदमों पर है। उन्होंने बताया कि हम इन हालिया कदमों का आकलन करेंगे। इसके साथ ही उन्होंने कहा कि कनाडा अमेरिका के साथ रचनात्मक और ईमानदारीपूर्ण तरीके से मिलकर काम करने के लिए तैयार है।
बता दें कि ट्रंप की टैरिफ का बुरा असर कनाडा के ऑटो, स्टील, एल्युमिनियम और लकड़ी उद्योग पर पड़ा है। इस वजह से नौकरियां चली गईं और आर्थिक विकास रुक गया है। लगातार दो तिमाहियों तक आर्थिक गिरावट के बाद कनाडा इस साल तकनीकी मंदी की चपेट में आ गया है।



