बिना लाइसेंस और एनओसी के बेसमेंट में अवैध रूप से चल रहा था लखनऊ में हरदोई रोड स्थित स्टार हास्पिटल…

लखनऊ में हरदोई रोड स्थित स्टार हास्पिटल में ताला लगेगा। स्वास्थ्य विभाग की जांच में यह पुष्ट हो गया है कि अस्पताल बिना लाइसेंस और फायर एनओसी के बेसमेंट में अवैध रूप से चल रहा था। स्वास्थ्य विभाग अब अस्पताल में ताला लगा कर उसका संचालन बंद करेगा।

इस कार्रवाई की संस्तुति स्वास्थ्य विभाग ने दैनिक जागरण मेंं बीते 20 दिसंबर को प्रमुखता से छपी खबर अवैध हास्पिटल में भीषण आग का संज्ञान लेते हुए की। दरअसल बीते 19 दिसंबर को तड़के अस्पताल में आग लग गई थी। अस्पताल बिना फायर एनओसी के अवैध रूप से बेसमेंट में चल रहा था। अस्पताल में भर्ती 12 साल का बच्चा तौसीफ भीषण धुएं के कारण परेशान हो गया और उसकी हालत बिगड़ गई। जागरण ने अस्पताल प्रशासन द्वारा बरती जा रही घोर लापरवाही को प्राथमिकता से उठाया था। जिसका स्वास्थ्य विभाग ने संज्ञान लिया और जांच की। जिसके बाद पता चला कि अस्पताल का लाइसेंस भी नहीं था।

20 दिसंबर को चस्पा की गई थी नोटिसः सीएमओ दफ्तर से नोडल नर्सिंगहोम/डिप्टी सीएमओ डा. एपी सिंह ने बताया कि बीते 20 दिसंबर को हास्पिटल का निरीक्षण कर नोटिस चिपकाया गया था। इसके बाद हास्पिटल संचालक डा. सिद्दीकी से जवाब मांगा गया था। संचालक का जवाब संतोषजनक नहीं था। इसके बाद हास्पिटल का संचालन बंद किया जा रहा है। उच्चाधिकारियों को इसकी रिपोर्ट भेज दी गई है। उन्होंने भी अस्पताल में तालाबंदी और संचालन बंद करने के निर्देश दिए हैं। कागजी कार्रवाई पूरी करने के बाद एक-दो दिन में जल्द ही यह कार्रवाई की जाएगी।

एक साल से बिना फायर एनओसी और लाइसेंस के चल रहा था अस्पतालः अस्पताल में अग्नि सुरक्षा के कोई भी बंदोबस्त नहीं थे। न ही हास्पिटल के पास फायर विभाग की एनओसी थी। यह जानकारी सीएफओ विजय कुमार सिंह ने दी। उन्होंने बताया कि अस्पताल प्रशासन के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। इसके बाद भी वहां बेसमेंट में आइसीयू यूनिट तक चल रही थी। हास्पिटल में एक मरीज था। सीएफओ ने बताया कि अग्निकांड के बाद अस्पताल का निरीक्षण किया गया, जिसमें काफी खामियां पाई गईं।

Related Articles

Back to top button