हरदोई में आयोजित जन सभा में केन्द्रीय गृह मंत्री अमित शाह बोले- UP से सभी माफिया का हुआ सफाया, अब तो योगी राज…

उत्तर प्रदेश में 2022 के विधानसभा चुनाव से पहले भारतीय जनता पार्टी का प्रदेश को मथने का अभियान चरम पर है। गृह तथा सहकारिकता मंत्री अमित शाह ने मंगलवार को तीन में पहली जनसभा हरदोई में की। हरदोई के जीआइसी मैदान में भाजपा की जनविश्वास यात्रा के आगमन पर पहुंचे अमित शाह ने विपक्षी दलों पर प्रदेश को जाति में बांटने का आरोप लगाने के साथ सीएम योगी आदित्यनाथ के शासन को जमकर सराहा।

हरदोई में जन विश्वास यात्रा के अंतर्गत आयोजित जन सभा में केन्द्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने कहा कि एक जमाना था जब उत्तर प्रदेश में माफिया का राज होता था। यहां पर तो माताएं-बहनें सूर्यास्त से पहले ही घर के अंदर पहुंच जाती थीं। प्रदेश में 2017 से सत्ता में परिवर्तन के बाद उत्तर प्रदेश में योगी जी का राज है। यहां से सभी माफिया का सफाया हो गया है। लोग अमन-चैन से हैं और उत्तर प्रदेश की कानून-व्यवस्था में काफी सुधार हो गया है।

अमित शाह ने कहा कि उत्तर प्रदेश में इससे 15 वर्ष पहले सपा तथा बसपा का राज था। उन्होंने जनता से पूछा कि क्या इनके राज में कभी समाज का विकास होता था। अमित शाह ने कहा कि सपा आती थी तो एक जाति का विकास होता था। बसपा आती थी तो दूसरी जाति का विकास होता था। 15 साल तक बसपा और सपा सरकार चलीं। जिन्होंने अपना अपना विकास कराया। न घरों में बिजली पहुंची न पानी पहुंचा और न विकास हुआ। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी की एबीसीडी को बिल्कुल अलग है। उनके लिए ए का मतलब अपराध और आतंक, बी का मतलब भाई-भतीजावाद, सी का मतलब करप्शन यानी भ्रष्टाचार और डी का मतलब दंगा। इनसे आप विकास की उम्मीद नहीं कर सकते हैं।

गृह मंत्री ने कहा कि यह तो दिख रहा है कि योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश पांच साल में आगे बढ़ा है। देश में मोदी जी और उत्तर प्रदेश में योगी जी आए तो सबका साथ-सबका विकास हो रहा है। उन्होंने कहा कि एक पत्रकार भाई पूछ रहे थे कि इस बार उत्तर प्रदेश में क्या होगा, तो मैंने कहा हरदोई में देख लो पता चल जाएगा कि यूपी में क्या होगा।

हरदोई जीआईसी मैदान में भारत माता की जयकार के साथ संबोधन प्रारंभ करने वाले अमित शाह ने कहा कि हम उत्तर प्रदेश में योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में 300 से अधिक सीट जीतकर सरकार बनाएंगे। उन्होंने कहा कि भाजपा जो कहती है वह करती है। हमने कहा था कि देश से भ्रष्टाचार समाप्त करेंगे, वह किया। अमित शाह ने कहा कि मोदी सरकार गरीबों के विकास के लिए प्रतिबद्ध है।

शाह ने कहा कि कांग्रेस पाटी ने बाबा साहब का अपमान करने में कोई कसर नहीं छोड़ी। इसके विपरीत भाजपा ने उनको पूरा सम्मान दिया। भाजपा ने देश में विकास का कार्य किया। गंभीर संकट के रूप में कोरोना वायरस सा संक्रमण आया तो लोगों को बचाने का भी कार्य किया। इस जनसभा में अमित शाह के साथ उप मुख्यमंत्री डा दिनेश शर्मा, कैबिनेट मंत्री जितिन प्रसाद तथा विधान सभा उपाध्यक्ष नितिन अग्रवाल भी थे।

Related Articles

Back to top button