1 फरवरी को वित्त वर्ष 2022-23 के लिए बजट पेश करेंगी निर्मला सीतारमण, ये रही डेट और टाइम सहित पूरी जानकारी

भारत की पहली पूर्णकालिक महिला वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण (Nirmala Sitharaman) 1 फरवरी को वित्त वर्ष 2022-23 के लिए बजट (Budget 2022) पेश करेंगी। भारतीय संविधान के अनुच्छेद 112 के अनुसार, केंद्रीय बजट वो दस्तावेज़ होता है, जो उस विशेष वर्ष के लिए सरकार की अनुमानित प्राप्तियों और व्यय का विवरण देता है। 2014 में सत्ता में आने के बाद से नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली भाजपा सरकार द्वारा पेश किया जाने वाला यह 10वां बजट होगा वहीं 2019 में वित्त मंत्री का पद संभालने के बाद से यह सीतारमण द्वारा पेश किए जाने वाला चौथा बजट होगा।

संसद का बजट सत्र

संसद का बजट सत्र 31 जनवरी को शुरू हो रहा है. 31 जनवरी को इसकी शुरुआत दोनों सदनों में राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद के अभिभाषण से होगी। सत्र का पहला भाग 31 जनवरी से 11 फरवरी तक चलने वाला है। इसके बाद 14 मार्च से 8 अप्रैल तक चलेगा। पहले सत्र के दौरान ही एक फरवरी को वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण बजट पेश करेंगी।

बजट के बारे में खास बातें

  • इसे वित्त मंत्रालय अन्य संबंधित मंत्रालयों के परामर्श से तैयार करता है।
  • 2017 तक केंद्रीय बजट से अलग एक रेल बजट पेश किया गया था।
  • 2017 से यह 1 फरवरी को सुबह 11 बजे वित्त मंत्री द्वारा लोकसभा में पेश किया जाता है। इससे पहले इसे फरवरी के आखिरी वर्किंग डे पर पेश किया गया था।
  • बजट भाषण औसतन 90 मिनट से 120 मिनट तक का होता है।
  • हालांकि, वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने 2021-22 में सबसे लंबा बजट भाषण दिया था, जो लगभग 160 मिनट तक चला था।
  • सीतारमण से पहले सबसे लंबा बजट भाषण जसवंत सिंह ने 2003 में दिया था, जो 135 मिनट का था।
  • सबसे छोटे बजट भाषण का रिकॉर्ड हिरूभाई एम पटेल के नाम है, जिन्होंने 1977 में सिर्फ 800 शब्द बोले थे।

केंद्रीय बजट 2022 कहां देखें?

केंद्रीय बजट 2022 का लोकसभा टीवी पर सीधा प्रसारण किया जाएगा। इसके अलावा डीडी न्यूज पर भी यह LIVE देखा जा सकता है। इनके यूट्यूब चैनल्स पर भी यह LIVE होगा। इनके अलावा jagran.com पर भी आपको बजट की लगातार कवरेज मिलेगी।

Related Articles

Back to top button