22 महीने से कोरोना का दंश झेल रहे शहरवासियों पर सबसे भारी रहा जनवरी, हर सातवां सैंपल निकला पाजिटिव

22 महीने से कोरोना का दंश झेल रहे शहरवासियों पर जनवरी-2022 सबसे भारी रहा है। इस महीने 45856 संक्रमित मिले जो अब तक किसी एक महीने में इंदौर में मिलने वाले संक्रमितों का सबसे बड़ा आंकड़ा है। इसके पहले अप्रैल-2021 में 40 हजार से ज्यादा संक्रमित मिले थे। जनवरी में संक्रमण दर भी 14 प्रतिशत से ज्यादा रही। यानी इस महीने जांचा गया हर सांतवा सैंपल पाजिटिव निकला। शहर में किसी एक दिन में सबसे ज्यादा संक्रमित मिलने का रिकार्ड भी इसी महीने बना। 22 जनवरी को शहर में 3372 संक्रमित मिले थे। जनवरी में संक्रमितों की संख्या भले ही सबसे ज्यादा रही हो लेकिन राहत की बात यह है कि 35 हजार से ज्यादा लोग इस महीने कोरोना को हराकर पूरी तरह से स्वस्थ्य भी हुए।

सिर्फ चार दिन 500 से कम

जनवरी के पहले ही दिन शहर में 80 नए संक्रमित मिले थे। धीरे-धीरे यह संख्या बढ़ती रही और 22 जनवरी को तो एक ही दिन में 3372 संक्रमित मिल गए। जनवरी के 31 दिनों में से सिर्फ चार दिन ऐसे रहे जिनमें 500 से कम नए संक्रमित मिले हों। जनवरी के 20 दिन ऐसे भी रहे जब शहर में एक हजार से ज्यादा नए संक्रमित मिले।

10 हजार से ज्यादा सैंपल रोज जांचे गए

जनवरी में औसतन 10 हजार सैंपल रोजाना जांचे गए। रोजाना औसतन 1500 मरीज मिले। औसतन 1200 मरीज रोजाना ठीक भी हुए। वहीं औसतन रोजाना एक मौत हुई।

गंभीर नहीं रहा संक्रमण

राहत की बात यह है कि जनवरी में भले ही 45 हजार से ज्यादा संक्रमित मिले लेकिन इनमें से एक हजार को भी अस्पताल में भर्ती करने की जरूरत नहीं पड़ी। विशेषज्ञों के मुताबिक जिन लोगों ने कोरोना के दोनों टीके लगवा लिए हैं उन्हें गंभीर संक्रमण होने की आशंका बहुत कम है। यही वजह है कि लोग संक्रमित हो भी रहे हैं तो घर पर ही रहकर ठीक हो रहे हैं।

Related Articles

Back to top button
T20: भारत का क्लीन स्वीप जानिये कितने खतरनाक हैं कबूतर। शतपावली: स्वस्थ रहने का एक आसान उपाय भारतीय मौसम की ALERT कलर कोडिंग In Uttar Pradesh Call in Emergency