रुका विकास फिर शुरू करने के लिए दें वोट: कांग्रेस प्रत्याशी अजय कपूर

UP Vidhan Sabha Chunav 2022: सुबह साढ़े 10 बजे हैं। जूही लाल कालोनी स्थित सद्भावना पार्क में क्षेत्र की महिलाएं जुटी हैं। कुछ देर में किदवई नगर विधानसभा क्षेत्र से कांग्रेस प्रत्याशी अजय कपूर भी पहुंच गए। उनके पहुंचते ही नारे तेज हो गए और पार्टी के झंडे भी लहराने लगे। पार्क से ठीक सटे शिव शक्ति दुर्गामाता मंदिर में दर्शन के बाद अजय कपूर ने जनसंपर्क शुरू किया। 

 आगे महिलाओं की टोली नारे लगाते चल रही थी। उनके साथ युवा थे, जिनके हाथों में झंडे थे। जनसंपर्क शुरू होते ही पास में एक घर से निकलीं निर्मला देवी ने तिलक लगाया तो अजय कपूर ने पैर छूकर आशीर्वाद लिया। हाथ जोड़कर वोट मांगते हुए वह आगे बढ़े। अपने गेट पर खड़े युवा से हाथ मिलाया तो बगल में खड़े बुजुर्ग संतोष शुक्ला ने उन्हें फूलों की माला पहनाई। अजय कपूर ने भी पैर छूकर उनसे वोट मांगा। फूल की दुकान करने वाली विद्या देवी ने माला पहना कर उनका स्वागत किया तो अजय कपूर ने ही पूछ लिया, मुझे पहचानती हैं। विद्या ने भी तपाक से जवाब दिया, आपको कौन नहीं पहचानता। कुछ महिलाओं के साथ खड़ीं बेबी कश्यप खासी उत्साहित थीं। उनको पास आते देख कांग्रेस पार्टी जिंदाबाद का नारा लगाया तो अजय कपूर ने भी उनसे कहा, 20 फरवरी को वोट डालना नहीं भूलना। निशा सक्सेना ने कहा कि सर्विस लेन बहुत खराब है। इस पर अजय कपूर ने कहा कि पांच वर्ष में क्या हुआ, यह सबने देखा है। चुनाव बाद सब काम होंगे। निशा उनका मुंह मीठा कराना नहीं भूलीं। महेश गुप्ता का हाथ पकड़ कर अपने सिर पर रखवाया और कहा चुनाव जीतूं, इसका आशीर्वाद दीजिए। स्वजन के साथ दरवाजों पर खड़े ज्यादातर बच्चों से उन्होंने उनकी पढ़ाई के बारे में पूछा। सभी को मन लगा पढ़ाई करने की सलाह दी। शाम को फिर उन्होंने किदवई नगर मोहल्ले में जनसंपर्क किया।

क्यों चुनें आपको

– इसी दक्षिण क्षेत्र में पैदा हुआ हूं। राजनीति के क्षेत्र में भी दक्षिण ने बढ़ाया। किदवई नगर को आदर्श विधानसभा क्षेत्र बनाएंगे। 

– प्रदेश में सबसे ज्यादा विकास यहां हुआ था। गोङ्क्षवदपुरी का समानांतर और दादानगर का रेल ओवरब्रिज बनवाया था। 

– बैराज से पानी की लाइन को यहां जुड़वाया था। पानी की 42 टंकी, 600 पार्क बनवाए। संजय वन का सौंदर्यीकरण करवाया था। 

– फोर लेन, सिक्स लेन सड़कें बनवाईं। गलियों में काम हुआ था। 

– 100 बेड का हास्पिटल पास कराया था, पांच वर्ष में नहीं बना। सबसे पहले हास्पिटल, फायर ब्रिगेड, आडिटोरियम बनेगा। 

Related Articles

Back to top button