केन्या के पूर्व पीएम रैला अमोलो ओडिंगा ने पीएम मोदी से की मुलाकात, बेटी की आंखों के इलाज के लिए आए हैं भारत

भारत दौरे पर आए केन्या के पूर्व प्रधानमंत्री रैला अमोलो ओडिंगा ने देश के पीएम नरेन्द्र मोदी से मुलाकात की। इस दौरान केन्या के पूर्व पीएम ने स्वास्थ्य क्षेत्र में सहयोग बढ़ाने के लिए अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की है। केन्या में भारत के उच्चायुक्त डा. वीरेंद्र पाल ने इसकी जानकारी दी है।

भारत में ओडिंगा की निजी यात्रा और स्वास्थ्य सेवा क्षेत्र में भारत-केन्या सहयोग के संदर्भ में आयुर्वेद पर केटीएन न्यूज पर एक प्रश्न पर टिप्पणी करते हुए पाल ने कहा, ‘पीएम मोदी और रैला लंबे समय से दोस्त हैं। वे कई सालों से एक-दूसरे को जानते हैं। भारत के प्रधानमंत्री और केन्या के पूर्व मंत्री ने शिष्टाचार मुलाकात की। उन्होंने दोनों देशों के बीच संबंधों में और सुधार के लिए अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की।’

पीएम मोदी ने करीब साढ़े तीन साल के बाद ओडिंगा से मिलने में पर खुशी जाहिर की थी। प्रधानमंत्री मोदी ने भारत और केन्या दोनों में 2008 के बाद से ओडिंगा के साथ अपनी कई बातचीत और साथ ही 2009 और 2012 में वाइब्रेंट गुजरात शिखर सम्मेलन के समर्थन को याद किया। साथ ही दोनों नेताओं ने आपसी हित के अन्य मुद्दों पर भी चर्चा की। पीएम मोदी ने भी ओडिंगा को उनके अच्छे स्वास्थ्य और भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं।

पीएम मोदी ने ट्वीट किया, ‘केन्या के पूर्व प्रधानमंत्री रैला अमोलो ओडिंगा का स्वागत करते हुए खुशी हुई। मैं भारत और केन्या में उनके साथ अपनी पिछली बातचीत को याद करता हूं। भारत और केन्या मजबूत द्विपक्षीय संबंधों का आनंद लेते हैं और हम अपने संबंधों को और मजबूत करने का स्वागत करते हैं।’

बेटी का इलाज कराने आए हैं पूर्व पीएम

बता दें कि केन्या के पूर्व पीएम अपनी बेटी के आंखों के इलाज के लिए भारत दौरे पर थे। भारतीय उच्चायुक्त ने कहा, ‘ओडिंगा ने अपनी बेटी की आंखों की स्थिति में सुधार का जिक्र किया। भारत में आयुर्वेदिक उपचार के लिए उन्होंने धन्यवाद कहा है।’

बेटी की आंखों की रोशनी लौटी

केरल के आयुर्वेदिक अस्पताल में इलाज के बाद उनकी बेटी की आंखों की रोशनी वापस आ गई है। ओडिंगा ने पीएम मोदी के साथ अपने देश के लोगों को बेहतर इलाज मुहैया कराने के लिए केन्या में उसी अस्पताल की एक शाखा खोलने पर भी चर्चा की।

Related Articles

Back to top button