बिहार विद्यालय परीक्षा समिति के तत्वावधान में आज से राज्य के 1,525 केंद्रों पर होगी मैट्रिक की परीक्षा

Bihar Board 10th Exam 2022: बिहार विद्यालय परीक्षा समिति के तत्वावधान में गुरुवार से राज्य के 1,525 केंद्रों पर मैट्रिक की परीक्षा होगी। परीक्षा में 16 लाख 48 हजार 894 परीक्षार्थी शामिल होंगे। परीक्षा 17 से 24 फरवरी तक संचालित होगी। परीक्षा समिति की ओर से तैयारी पूरी कर ली गई है। हर जिले में चार माडल परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। माडल केंद्रों पर छात्राएं परीक्षा देंगी। यहां दंडाधिकारी एवं अन्य सुरक्षाकर्मी भी महिलाएं ही होंगी। परीक्षा केंद्रों पर वीक्षक भी महिलाएं ही होंगी। सभी परीक्षा केंद्रों पर सीसीटीवी लगाए गए हैं। प्रत्येक केंद्र की वीडियोग्राफी कराई जा रही है।
मैट्रिक परीक्षा में सभी विषयों में 100 प्रतिशत अतिरिक्त प्रश्न पूछे जाएंगे। परीक्षा के लिए कंट्रोल रूम स्थापित किया गया है, जहां किसी तरह की परेशानी होने पर अभिभावक, छात्र एवं वीक्षक संपर्क कर सकते हैं। परीक्षा केंद्रों के अंदर किसी तरह के इलेक्ट्रोनिक गैजेट्स, मोबाइल, ब्लू टूथ, पेजर, ह्वाइटनर एवं इरेजर रखने की इजाजत नहीं दी जाएगी। परीक्षा शुरू होने से दस मिनट पहले तक परीक्षार्थी को प्रवेश दिया जा सकता है। प्रथम पाली की परीक्षा 9.30 बजे से प्रारंभ होगी, जबकि दूसरी पाली की परीक्षा 1.45 में शुरू होगी। परीक्षा केंद्रों पर कोरोना गाइडलाइन का पालन किया जाएगा।
प्रवेश पत्र गुम होने पर भी परीक्षार्थी देंगे परीक्षा
मैट्रिक के परीक्षार्थी का प्रवेश पत्र गुम होने पर भी वह परीक्षा में शामिल होगा। बोर्ड ने ऐसे परीक्षार्थियों के लिए परीक्षा केंद्र प्रभारियों को निर्देश दिया है कि ऐसी स्थिति में उपस्थिति पत्रक में स्कैंड फोटो से पहचान कर और रोल शीट से सत्यापित कर परीक्षार्थी को परीक्षा में बैठने की अनुमति दी जाएगी।
- राज्य में मैट्रिक परीक्षा केंद्र : 1525
- कुल परीक्षार्थी : 16,48,705
- कुल छात्राएं : 8,06,705
- कुल छात्र : 8,42,189
- परीक्षा का समय प्रथम पाली : सुबह 9.30 से दोपहर 12.45 तक द्वितीय पाली : दोपहर 1.45 से शाम 5 बजे तक
- कंट्रोल रूम का नंबर : 0612- 2232227, 2230051




