पेड़ से लटकता मिला युवक का शव,हत्या व आत्महत्या को लेकर जांच में जुटी पुलिस

गोरखपुर के बेलीपार थाना क्षेत्र के क्योन्हरा गांव निवासी एक युवक का बेर के पेड़ से लटकता शव मिला है। पुलिस हत्या व आत्महत्या को लेकर जांच में जुटी है। बेलीपार पुलिस शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए शव मेडिकल कालेज भेज दिया है। अभिषेक के बहन की शादी चार दिन पहले हुई थी।

पेड़ से लटकता मिला शव
जंगल दीर्घन सिंह के क्योन्हरा गांव निवासी 22 वर्षीय गोलू उर्फ अभिषेक विश्वकर्मा पुत्र राजाराम विश्वकर्मा का बुधवार की सुबह ताल नदोर के वसुन्धरा सिटी के बगल में बेर के पेड़ में मफलर के सहारे पेड़ में लटकता शव मिला है। वह, दो भाइयों में छोटा था। क्योन्हरा गांव निवासी गोलू उर्फ अभिषेक पुलिस में भर्ती की तैयारी कर रहा था। बुधवार की सुबह करीब 3 बजे अपने घर से ताल नदोर के बाग की ओर टहलने व व्यायाम करने के लिए गया था, लेकिन सुबह तक घर नहीं लौटने पर घर वालों ने आसपास जगहों पर खोजबीन शुरू कर दिया गया। इसी बीच सुबह करीब 6 बजे गांव के लोग खेतों के तरफ गए तो ताल नदोर के बाग में पेड़ के सहारे गोलू उर्फ अभिषेक लटकता शव देख लोगों ने शोर मचाया और घरवालों को सूचना दी। घटनास्थल पर पहुंचने के बाद पिता राजाराम विश्वकर्मा ने बेलीपार पुलिस को सूचना दी। सूचना पर पहुंची बेलीपार पुलिस ने पेड़ के सहारे लटक रहे शव को नीचे उतारा। पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
सेना भर्ती की तैयारी में जुटा था युवक
ग्रामीणों की मानें तो गोलू उर्फ अभिषेक विश्वकर्मा बहुत ही होनहार था। खुशदिल मिजाज व मिलनसार था। सेना भर्ती की तैयारी में जुटा था। नित्य व्यायाम व पहलवानी कला में भी निपुण था। उसकी असमय मृत्यु से पूरा गांवव स्तब्ध है। बेलीपार थाने के एएसआई सतपाल सिंह ने बताया कि शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए मर्चरी हाउस भेज दिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत का कारण स्पष्ट ही सकेगा।