दिल्ली में सत्तासीन आप ने देश की राजनीति में रचा ये नया इतिहास, पढ़े पूरी खबर

दिल्ली में सत्तासीन आम आदमी पार्टी ने देश की राजनीति में बुधवार को नया इतिहास रच दिया। पंजाब में बुधवार को भगवंत मान के मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने के साथ ही आम आदमी पार्टी देश की ऐसी तीसरी पार्टी बन गई है, जहां किसी राजनीतिक दल के एक के अलावा अन्य राज्यों में भी सरकार है। अब तक भारतीय जनता पार्टी और कांग्रेस ही ऐसे राजनीतिक दल थे,जिनकी एक से अधिक राज्यों में सरकार थी। पंजाब में सीएम भगवंत मान के शपथ ग्रहण समारोह के दौरान दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल समेत तमाम नेता मौजूद रही।
मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल, उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया सहित अन्य सभी मंत्री, पार्टी की ओर से राज्यसभा सदस्य और सभी विधायकों को पंजाब में आप सरकार के शपथ ग्रहण समारोह में आमंत्रित किया गया था। पार्टी इसके साथ ही अधिकतर विधायक, सभी राज्यसभा सदस्य और पार्टी के अन्य नेता व तमाम कार्यकर्ता भी पंजाब पहुंच गए हैं। जो शपथग्रहण समारोह का हिस्सा बने।
भगवंत मान ने बुधवार को शहीद भगत सिंह के पैतृक गांव खटकड़ कलां में मुख्यमंत्री पद की शपथ ली। इसके साथ दिल्ली के बाद पंजाब में भी आम आदमी पार्टी की सरकार बनी और भगवंत मान पंजाब के 26वें मुख्यमंत्री बने। गौरतलब है कि पंजाब पुनर्गठन (1966) के बाद वह 19वें मुख्यमंत्री हैं। जागरण संवाददाता से मिली जानकारी के मुताबिक, भगवंत मान को बुधवार दोपहर में राज्यपाल बनवारी लाल पुरोहित मुख्यमंत्री पद की शपथ दिलाई। शपथ ग्रहण समारोह में दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल सहित पूरी कैबिनेट खटकड़ कलां में पहुंची।
वहीं, एक दशक पुरानी आम आदमी पार्टी दिल्ली में लगातार तीन विधासभा चुनाव जीत कर पहले ही इतिहास रच चुकी है। हैरत की बात तो यह है कि आम आदमी पार्टी के ज्यादातर नेता और कार्यकर्ता किसी राजनीतिक पृष्ठभूमि से ताल्लुक नहीं रखते हैं। यही वजह है कि मामूली मोबाइल की रिपेयर की दुकान चलाने वाला भी आम आदमी पार्टी का विधायक है।