जोरों चल रही योगी सरकार के होने वाले शपथ ग्रहण समारोह की तैयारी, तगड़ी रहेगी सुरक्षा व्यवस्था

उत्तर प्रदेश की राजनीति में बड़ा उलटफेर कर भारतीय जनता पार्टी लगातार दूसरी बार सरकार बनाने जा रही है। योगी आदित्यनाथ सरकार के 25 मार्च को होने वाले इस शपथ ग्रहण समारोह को भी बेहद भव्य तथा यादगार बनाने की तैयारी जोरों पर है। अपर मुख्य सचिव सूचना नवनीत सहगल भी आयोजन स्थल भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी इकाना इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में लगातार जमे हैं। उनकी देखरेख में शपथ ग्रहण समारोह की तैयारी चल रही है।

लखनऊ के अटल बिहारी वाजपेयी इकाना स्टेडियम में 25 मार्च को भाजपा सरकार के शपथ ग्रहण समारोह में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह के अलावा दर्जनों केन्द्रीय मंत्री, कई राज्यों के मुख्यमंत्री, संत महात्मा सहित दो हजार वीवीआइपी शामिल होंगे। माना जा रहा है कि शपथ ग्रहण समारोह में 55 से 60 हजार लोग आएंगे। कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी के साथ पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी तथा प्रियंका गांधी वाड्रा, सपा के संरक्षक मुलायम सिंह यादव व सपा के अध्यक्ष अखिलेश यादव, बसपा प्रमुख मायावती के साथ अन्य पार्टियों के नेताओं को भी आमंत्रित किया गया है।

इसके साथ ही भाजपा के 255 तथा सहयोगी दल निषाद पार्टी व अपना दल के विधायक भी शपथ ग्रहण में मौजूद रहेंगे। शपथ लेने वाले मंत्रियों की सूची को सीएम योगी आदित्यनाथ के गोरखपुर से लखनऊ पहुंचने पर अंतिम रूप दिया जाएगा। भाजपा ने विधानसभा की 403 सीटों में से 255 जीतीं हैं। उनके साथ एनडीए गठबंधन के सहयोगियों ने 18 सीटें जीती हैं। भाजपा ने उत्तर प्रदेश में 37 वर्ष पुराना रिकॉर्ड तोड़कर लगातार दूसरी बार सत्ता में वापसी का रास्ता साफ किया है। समाजवादी पार्टी का गठबंधन 125 सीटों पर ही सिमट गया। कांग्रेस को दो और बसपा को महज एक सीट ही मिल सकी। उत्तर प्रदेश में दस फरवरी से सात चरणों में चुनाव हुए और 10 मार्च को नतीजे आ गए।

सुरक्षा के भी बेहद कड़े बंदोबस्त: प्रदेश में पहली बार हो रहे इस तरह के विशाल शपथ ग्रहण समारोह को देखते हुए सुरक्षा के भी बेहद कड़े बंदोबस्त किए जा रहे हैं। यहां कई सीनियर आइपीएस अधिकारियों को अलग-अलग जिम्मेदारी सौपी जा रही है। पुलिस के साथ पीएसी व अर्ध सैनिक बल का भी पहरा होगा।  

Related Articles

Back to top button