घमंड नहीं करना, जिस जनता ने चुनाव जिताया वो पटकना भी जानती है: आप के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल

आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल आज पंजाब में पार्टी विधायकों के साथ वर्चुअल बैठक की। चुनावी में मिले प्रचंड बहुमत के बाद अरविंद केजरीवाल की विधायकों के साथ यह पहली बैठक थी।

बैठक को संबोधित करते हुए अरविंद केजरीवाल ने कहा कि वह बहुत खुश हैं और भावुक महसूस कर रहे हैं। कहा कि पंजाब के लोगों ने जो प्यार दिया है उसे भुलाया नहीं जा सकता है। कहा कि पिछले तीन दिनों में भगवंत मान ने जो काम कर दिखाया वह कमाल का है।
आप प्रमुख ने कहा कि एक तरफ भगवंत मान ने शपथ भी ले ली उनके द्वारा काम भी शुरू हो गए, वहीं दूसरी तरफ भाजपा जो 4 राज्यों में जीती थी उनसे सरकार तक नहीं बन पाई है। अभी उनके लड़ाई झगड़े ही चल रहे हैं।
केजरीवाल ने कहा कि पंजाब के लोगों को पहली बार महसूस हो रहा है कि हर व्यक्ति सीएम है। सरकार बनते ही भगवंत मान ने किसानों का मुआवजा देना शुरू कर दिया। इससे खुशी होती है। आप प्रमुख ने कहा कि जिस तरह से मान ने एंटी करप्शन एक्शन लाइन का एलान किया उससे भ्रष्टाचार परअंकुश लगना शुरू हो गया है। 25 हजार सरकार नौकरियों के एलान से युवाओं में आत्मविश्वास पैदा हुआ है।
केजरीवाल ने कहा कि सभी विधायकों व मंत्रियों को टीम की तरह काम करना होगा। कहा कि जिनको मंत्री पद नहीं मिला वह भी मंत्री हैं। सबको मिलकर पंजाब के हित में काम करना होगा। केजरीवाल ने विधायकों व मंत्रियों को यह भी कहा कि वह चंडीगढ़ में रहने के बजाय अपने क्षेत्र में काम करें।
केजरीवाल के संबोधन के मुख्य बिंदु
- भगवंत मान को कहा कि मान साहब तुसी कमाल कर दिया। मान ने पुराने मंत्रियों व संत्रियों की सिक्योरिटी हटाकर लोगों की सुरक्षा में लगा दी।
- अक्टूबर में जो फसले बर्बाद हुई थी, उनका मुआवजा नहीं मिला था। अगले तीन-चार दिनों में चैक मिलने शुरू हो जाएगी।
- 25 हजार सरकारी नौकरियों का एलान किया, यह शानदार है। इससे लोगों में विश्वास पैदा हुआ।
- एक-एक वयक्ति के ऊपर निगाहें हैं। 70 साल खराब कर दिए। अब टाइम कम है। हरेक मंत्री को मान साहब टारगेट देंगे।
- 24 घंटे में से 30 घंटे काम करना पड़ेगा। टारगेट पूरे नहीं होते तो जनता ही कहेगी इस मंत्री को बदलो दूसरे को लेकर आओ, मान साहब के टारगेट पूरे करने पड़ेंगे।
- मान ने कहा है कि चंडीगढ़ में बिल्कुल नहीं बैठना। हमारे विधायक मंत्री लगातार लोगों के बीच में जाएगा।
- कुछ विधायक अपने जो मंत्री नहीं बन पाए वो दुखी हैं। हमारी 92 सीटें आई है। मंत्री 17 ही बनेंगे। जो विधायक मंत्री नहीं बने वह किसी से कम नहीं। पंजाब के लोगों ने एक-एक हीरा चुनकर भेजा है। हरेक में अच्छी-अच्छी लियाकत है। हमें टीम की तरह काम करना है। अपना स्वार्थ छोड़ना है।
- कोई मंत्री बना तो वह जिम्मेदारी है। सबको जिम्मेदारी मिलेगी। वो जिम्मेदारी पूरी करनी है।
- बड़ी-बड़ी हस्तियां हार गई। आपने नहीं हराया। जनता ने हराया है। घमंड नहीं करना।
- आप विधायक रहते ऐसा काम करो कि आपकी ख्याति चारों तरफ फैल जाए।.
- किसी भी पद के पर कुछ लोग आते हैं। कहते हैं मेरा हक था यह बनने का। जनता दो मिनट में मुख्यमंत्री और विधायक को भी हटा देती है। पहले वाले यही सोचते थे। ऐसा न कर देना कि अगली बार जनता हमें साफ करने के लिए तत्पर रहे।
- लोगों के काम कराने हैं तो अपने मुख्यमंत्री या मंत्रियों से मिलने के लिए जाना। डीसी एसपी की पोस्टिंग के लिए मत जाना। मान साहब अफसरों की पोस्टिंग करेंगे।
- लोग हमसे कट्टर ईमानदार सरकार की उम्मीद करते हैं। मैं जनता के पैसे की चोरी बर्दाश्त नहीं कर सकता। अगर हमे पता चला मान साहब को पता चला कुछ गड़बड़ किया फिर हम मौका नहीं देंगे।
- बेइमानी मत करना, जनता के साथ बतमीजी मत करना। मैंने देखा एक विधायक थानेदार को कह रहा था त्वानू पुट्ठा टांग देंगे। यह बत्तमीजी मत करना। अब आप विधायक हो। कहने की क्या जरूरत है क्या?
- अभी तक सारा सिस्टम खराब था। हमे सबके साथ मिलकर सिस्टम बदलना है। तहसीलदार ने पैसा लेना शुरू कर दिया। हाथ जोड़ कर कहो, जमाना बदल गया आप भी बदल जाओ।
- पांच साल में लोगों का दिल जीतना है।
बिना भेदभाव करें काम
बैठक को संबोधित करते हुए भगवंत मान ने विधायकों से कहा कि वह बिना भेदभाव के काम करें। यह न सोचें कि किसने उन्हें वोट दी और किसने नहीं। मान विधायकों से कहा कि वह बदलाखोरी से काम न करें। पंजाब के लोगों ने आप को डराने के लिए नहीं, बल्कि विकास के लिए चुना है। बैठक में पार्टी के पंजाब सह प्रभारी राघव चड्ढा भी मौजूद हैं।
भगवंत मान ने कहा कि किसी को डराने की जरूरत नहीं है। अगर कोई अफसर काम करने में दिक्कत महसूस कर रहा है तो उसे पूछो कि क्या कमी है। उस कमी को पूरा किया जाएगा।
मान ने कहा कि दिल्ली में हर विधायक व मंत्री का सर्वे होता है। उनको पता भी नहीं होता है कि उनका सर्वे होता। यही कारण है कि दिल्ली में कई विधायकों का टिकट कट गया था। मान ने यह कहकर विधायकों को सख्ती का संदेश भी दे दिया। सीएम ने विधायकों से कहा कि वह जनता से पक्की दोस्ती करें।
भगवंत मान ने कहा कि वह विधायकों को सलाह दे रहे हैं डरा नहीं रहे हैं। मान ने कहा कि सारे विधायक मंत्री हैं। वह सीधे उनके पास व मंत्री के पास आ सकते हैं। मान ने विधायकों को वक्त का पाबंद बनने को कहा। कहा कि लोगों को उनके इंतजार की जरूरत नहीं पड़नी चाहिए।
भगवंत मान ने 16 मार्च को शहीद-ए-आजम भगत सिंह के पैतृक गांव खटकड़ कलां में सीएम पद की शपथ ली थी। उन्होंने विधायकों को कहा कि वह चंडीगढ़ में रहने के बजाय अपने क्षेत्र में जनहित कार्यों सहयोग दें। गत दिवस भगवंत मान ने अपनी कैबिनेट भी गठित कर दी है। आज की बैठक में पार्टी प्रमुख अरविंद केजरीवाल विधायकों को कुछ दिशा निर्देश दे सकते हैं।
पंजाब में पहली बार आम आदमी पार्टी की सरकार बनी है। वर्ष 2017 में पार्टी ने विधानसभा चुनावों में एंट्री की थी, लेकिन पहली बार पार्टी के 20 प्रत्याशियों ने जीत दर्ज की। पांच वर्ष बाद आम आदमी पार्टी को 117 विधानसभा सीटों में से 92 सीटों पर जीत मिली है। दूसरी बार पंजाब चुनाव लड़ी पार्टी की यह बड़ी जीत है।
पंजाब की दलीय स्थिति
आम आदमी पार्टी 92
कांग्रेस 18
शिअद 3
भाजपा 2
बसपा 1
अन्य 1