एन बीरेन सिंह ने दूसरे कार्यकाल के लिए इंफाल में मणिपुर के मुख्यमंत्री के रूप में ली शपथ, भाजपा ने बरकरार रखी सत्ता

एन बीरेन सिंह ने सोमवार को दूसरे कार्यकाल के लिए इंफाल में मणिपुर के मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली है। रविवार को हुई एक बैठक में बीरेन सिंह को सर्वसम्मति से भाजपा के विधायक दल का नेता चुना गया था। इसमें पार्टी के केंद्रीय पर्यवेक्षक, केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण और केंद्रीय कानून और न्याय मंत्री किरेन रिजिजू ने भाग लिया था। भाजपा के राज्य विधायक दल की बैठक से पहले बीरेन सिंह ने दिल्ली का दौरा किया था और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह और रक्षामंत्री राजनाथ सिंह से मुलाकात की थी।
हाल ही में संपन्न विधानसभा चुनावों में 60 सदस्यीय सदन में 32 सीटों के साथ पूर्ण बहुमत हासिल करके भाजपा ने राज्य में सत्ता बरकरार रखी है। कांग्रेस को पांच और एनपीपी ने सात सीटों पर जीत हासिल की है। नगा पीपुल्स फ्रंट को पांच और कुकी पीपुल्स एलायंस को दो सीटें मिली हैं। निर्दलीयों को तीन सीटें मिलीं हैं। राज्य में पहली बार पूर्ण बहुमत हासिल करने के बाद भाजपा ने मणिपुर में अकेले दम पर सरकार बनाई है।
बता दें कि भाजपा ने पिछली बार बीरेन सिंह के साथ मुख्यमंत्री के रूप में नगा पीपुल्स फ्रंट (एनपीएफ) और नेशनल पीपुल्स पार्टी (एनपीपी) के समर्थन से सरकार बनाई थी।



