भाजपा अध्यक्ष रविंद्र रैना ने कहा-जम्मू-कश्मीर में अपने दम पर सरकार बनाएगी भाजपा

प्रदेश भाजपा अध्यक्ष रविंद्र रैना ने कहा कि पार्टी ने संकल्प लिया है कि जम्मू कश्मीर में अगली सरकार भाजपा ही बनाएगी। उन्होंने कहा कि पार्टी अपने दम पर चुनाव लड़ेगी और मुख्यमंत्री भाजपा का ही बनेगा। हम विधानसभा चुनाव के लिए तैयार हैं।

प्रदेश भाजपा की दो दिवसीय कार्यकारिणी के पहले दिन शनिवार को प्रदेश पदाधिकारी बैठक को संबोधित करते हुए प्रदेश भाजपा अध्यक्ष रैना ने कहा कि जम्मू कश्मीर में जिला विकास परिषद, ब्लाक विकास परिषद, स्थानीय निकायों के चुनाव में भाजपा मजबूत बन कर उभरी है। प्रधानमंत्री के नेतृत्व में प्रमुख राजनीतिक व सामाजिक कार्यकर्ता पार्टी में शामिल हो रहा है। उन्होंने कहा कि पार्टी जम्मू कश्मीर में विधानसभा चुनाव को देखते हुए बूथ स्तर पर अपनी मजबूती बढ़ाएंगी और मोदी सरकार की जनकल्याण नीतियों को घर घर तक पहुंचाएंगी। साथ ही प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के तीस जून को पूरे होने जा रहे आठ साल की उपलब्धियों को लोगों तक ले जाएंगी।

कार्यकारिणी की बैठक में वर्तमान राजनीतिक और सामाजिक परिस्थितियों का जायजा लिया गया और आगामी कार्यक्रमों पर भी चर्चा की। दूसरे दिन रविवार को कार्यकारिणी की बैठक कटड़ा में होगी। कार्यकारिणी में कहा गया कि जम्मू कश्मीर में विधानसभा चुनाव के मद्देनजर हमारी तैयारी तेज होनी चाहिए। इसके लिए सबसे पहले हमें अपने बूथ को मजबूत करना होगा। मोदी सरकार की आयुष्मान योजना, उज्जवला योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना समेत अन्य कल्याणकारी योजनाओं का लाभ उठाने वालों से संपर्क साध कर उनके अनुभव साझे किए जाएं।

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के आठ साल तीस जून को पूरे हो रहे हैं। इससे पहले हर सक्रिय कार्यकर्ता को एक जून से पंद्रह जून तक 75 घंटे पार्टी को देने होंगे। इश्तिहार, संवाद के जरिये कार्यकर्ता प्रधानमंत्री की आठ साल की उपलब्धियों को लोगों के घरों तक पहुंचाएंगे। बैठक में कश्मीर में चुनिंदा हत्याओं पर चिंता जताई गई। सदस्यों ने कहा कि उपराज्यपाल से आह्वान किया जाए कि र्चुंनदा हत्याओं को रोकने के लिए प्रभावी कदम उठाएं। वहीं, सांसद जुगल किशोर ने कहा कि भाजपा राष्ट्र व समाज के लिए बहुत कुछ कर रही है।

इससे पहले बैठक की शुरुआत दीप जला कर की गई। डा. प्रदीप महोत्रा ने वंदे मातरम गाया। बैठक का पहला दिन राष्ट्रीय गान के साथ संपन्न हुआ। इस मौके पर, संगठन महामंत्री अशोक कौल, उप प्रधान वीरेंद्रजीत सिंह व प्रदेश के पदाधिकारी मौजूद रहे। 

Related Articles

Back to top button
जानिये कितने खतरनाक हैं कबूतर। शतपावली: स्वस्थ रहने का एक आसान उपाय भारतीय मौसम की ALERT कलर कोडिंग In Uttar Pradesh Call in Emergency मधुमेह के साथ वजन बढ़ाने के उपाय