छत्तीसगढ़: सीएम भूपेश बघेल के इस बयान ने मचाई सियासी खलबली

छत्तीसगढ़ के भाजपा नेताओं की टिकट कटने के सीएम भूपेश बघेल के बयान ने सियासी खलबली मचा दी है। पूर्व नेता प्रतिपक्ष व विधायक धरमलाल कौशिक ने पलटवार करते हुए कहा कि अब भूपेश बघेल टिकट बांटने वाले होंगे तो मैं नहीं कह सकता। भाजपा की टिकट भूपेश बघेल बांटेंगे? या उनसे पूछकर केंद्रीय नेतृत्व बांटने वाले हैं तो यह मेरी जानकारी में नहीं है। कौशिक ने कहा कि यह बात उस मुख्यमंत्री को कहने का अधिकार नहीं है, जिसके कद्दावर मंत्री, सीएम बनने की प्रतीक्षा कर रहे हैं। उन्होंने 4 पेज का लेटर लिखा था। उन्हें काम करने नहीं दिया और उन्होंने विभाग से इस्तीफा दे दिया। 

धरमलाल कौशिक ने कहा कि सीएम भूपेश बघेल से उनके कितने विधायक संतुष्ट हैं। उनके बाकी लोगों को आपने देखा है। उनकी सरकार में अंतर्कलह विस्फोटक स्थिति में है और उजागर भी हो चुकी है। दूसरे के ऊपर कीचड़ उछालने या पत्थर फेंकने का काम भूपेश बघेल न करें। पहले अपना घर संभाल लो। उन्होंने कांग्रेस कहा कि आपके दल और आपके दलगत राजनीति में क्या स्थिति है यह छत्तीसगढ़ में छिपा नहीं है। धरमलाल कौशिक ने कहा कि कांग्रेस के पास कोई मुद्दा नहीं है। पूरे प्रदेश में जमकर भ्रष्टाचार जारी है। चारों तरफ लूट मची है। विकास कार्य ठप पड़े हैं। भूपेश सरकार की नीयत ठीक नहीं है।

छत्तीसगढ़ में बनेगी भाजपा की सरकार 
धरमलाल कौशिक ने कहा कि क्षेत्रीय संगठन मंत्री अजय जामवाल पूर्वोत्तर राज्य से सरकार बनाकर आए हैं। अब उनका मिशन छत्तीसगढ़ में सरकार बनाना है। जिस दिन से वे आए हैं, उस दिन से संगठन को मजबूत करने में लग गए हैं। जहां बदलाव की जरूरत है बदलाव होंगे, लेकिन एक बात तय है कि छत्तीसगढ़ में भाजपा की सरकार बनेगी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस को अभी से भय सताने लगी है। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल भय में हैं, इसलिए बदलाव पर चर्चा कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि बदलाव संगठन में होता रहता है। यह कोई नई बात नहीं है। इसके पहले भी बदलाव हुए हैं। आगे भी बदलाव होंगे। जब जैसी जरूरत पड़ती है बदलाव होते हैं। मुख्य विषय मिशन-2023 और छत्तीसगढ़ में भाजपा की सरकार बनाना है। प्रदेश में कांग्रेसी सरकार के क्रियाकलापों से जनता ऊब गई है और समय का इंतजार कर रही है। छत्तीसगढ़ में बीजेपी की सरकार बनेगी, इसका वातावरण बनना शुरू हो गया है।

छत्तीसगढ़ में शिक्षा का स्तर 30वें नंबर पर
स्वामी आत्मानंद इंग्लिश मीडियम स्कूल पर कौशिक ने कहा कि स्वामी आत्मानंद स्कूल का हश्र आगे दिखाई देगा। न इनके पास सेटअप है न भवन है। सभी चीजें उधारी में चल रही है। अब लोग बोलने भी लगे हैं कि पढ़ाई के स्तर में गिरावट आने लगी है। बाकी प्रदेशों के शिक्षा का स्तर आप देख लिए हैं। हिन्दुस्तान में जो सर्वे हुआ है उसमें छत्तीसगढ़ की शिक्षा का स्तर 30वें नंबर पर है। स्वामी आत्मानंद कॉलेज खोलने के लिए संस्कृत महाविद्यालय को ध्वस्त करने की योजना है। भूपेश सरकार की नीयत ठीक नहीं है। सरकार चाहे तो बहुत सी जगह हैं, जहां कॉलेज खोल सकते हैं।

Related Articles

Back to top button