भारत ने श्रीलंका को दिया 21,000 टन उर्वरक

भारत ने सोमवार को संकटग्रस्त पड़ोसी देश श्रीलंका को 21,000 टन उर्वरक सौंपा। श्रीलंकाई राजधानी कोलंबो स्थित भारतीय उच्चायोग ने ट्वीट कर ये जानकारी दी। इसने कहा, “दोस्ती और सहयोग की सुगंध को बढ़ाते हुए। उच्चायुक्त (गोपाल बागले) ने भारत के विशेष समर्थन के तहत औपचारिक रूप से श्रीलंका के लोगों को 21,000 टन उर्वरक की आपूर्ति की है।” आर्थिक तंगी से जूझ रहे श्रीलंका के लिए भारत एक विशेष सहायता कार्यक्रम के तहत मदद पहुंचा रहा है।

भारत के इस ताजा कदम से पड़ोसी देश के किसानों को मदद मिलेगी और दोनों देशों के बीच द्विपक्षीय संबंध मजबूत होंगे। हाल के महीनों में संकटग्रस्त श्रीलंका को भारत द्वारा दी गई इस तरह की यह दूसरी सहायता है। इससे पहले पिछले महीने 44,000 टन की आपूर्ति की गई थी। यह आपूर्ति 2022 में भारत द्वारा कुल चार अरब डॉलर की सहायता के तहत की गई। श्रीलंका अभूतपूर्व आर्थिक संकट से जूझ रहा है, जिसके कारण वहां ईंधन और अन्य आवश्यक वस्तुओं की भारी कमी हो गई है।

भारतीय उच्चायोग ने कहा,‘‘उर्वरक आपूर्ति से खाद्य सुरक्षा को बढ़ावा मिलेगा और श्रीलंका के किसानों को मदद मिलेगी। यह कदम भारत के साथ घनिष्ठ संबंधों और भारत तथा श्रीलंका के बीच आपसी विश्वास और सद्भावना को दर्शाता है।’’ भारत ने मई में श्रीलंका को मौजूदा कृषि सत्र में किसी व्यवधान से बचने के लिए 65,000 टन यूरिया की आपूर्ति करने का आश्वासन दिया था।

Related Articles

Back to top button