गोरखपुर में कहर बर्षा रहा डेंगू , 177 मरीज इसकी चपेट में

गोरखपुर में डेंगू कहर बरपा रहा है। इसके मरीजों की संख्या में तेजी से इजाफा हो रहा है। बुधवार को जिले में नौ नए मरीज मिले थे। गुरुवार को भी आठ नए मरीज मिले हैं। इसमें छह नगर निगम के और खोराबार और चौरीचौरा का एक-एक मरीज शामिल हैं। इसके साथ ही जिले में डेंगू के मरीजों की कुल संख्या 177 हो गई है। 

जिला मलेरिया अधिकारी अंगद सिंह ने बताया कि महानगर के नीना थापा इंटर कॉलेज के पास रहने वाली 37 वर्षीय महिला संक्रमित मिली हैं। इसके अलावा रामजानकी नगर कॉलोनी में डेंगू का एक और मामला सामने आया। यहां 28 वर्षीय महिला संक्रमित मिली है। मानस विहार में 37 वर्षीय पुरुष, मोहद्दीपुर में 58 वर्षीय पुरुष में डेंगू मिला है। रसूलपुर में एक 11 वर्षीय बालक डेंगू की चपेट में आ गया है। एलाइजा जांच में डेंगू की पुष्टि हुई है। तिवारीपुर में 27 वर्षीय महिला और चौरीचौरा में 38 वर्षीय पुरुष भी डेंगू की चपेट में है।

137 घरों को नोटिस 
इस समय जिले में मिले 177 मरीजों में से 112 शहरी क्षेत्र के हैं। जबकि 65 ग्रामीण क्षेत्र के निवासी हैं। जिला मलेरिया अधिकारी ने बताया कि गुरुवार को चार घरों में लार्वा मिले हैं। इन घरों के स्वामियों को नोटिस दिया गया है। इसके साथ ही अब तक 137 घरों के स्वामियों को नोटिस दिया जा चुका। गुरुवार को 1254 स्थानों पर सोर्स रिडक्शन किया गया।

ठीक होने के बाद 48 घंटे महत्वपूर्ण 
फिजिशियन डॉ. बीके सुमन ने बताया कि मर्ज ठीक होने के 48 घंटे तक शरीर को पानी की बहुत जरूरत होती है। ठीक होने के बाद तमाम लोग लापरवाह हो जाते हैं।

एक मशीन से सात बंगले में दूसरी से आठ वार्ड में फॉगिंग
नगर निगम क्षेत्र में गुरुवार को डेंगू पीड़ितों की संख्या 112 पहुंच गई। हालांकि असल आंकड़े इससे कही अधिक हैं। ऐसे हालात में शहर के आठ वार्डों में सिर्फ दो फागिंग मशीनें हैं। इनमें एक मशीन सात अधिकारियों के सरकारी आवास में फागिंग करती है। 

ब्लड सेपरेशन मशीन शुरू
जिला अस्पताल में ब्लड सेपरेशन मशीन शुरू हो गई। गुरुवार को इसकी मरम्मत का काम पूरा हो गया। इस मशीन के शुरू होने से अस्पताल के ब्लड बैंक में प्लेटलेट्स का निर्माण शुरू हो सकेगा। यह जानकारी एसआईसी ने दी। बताया कि ब्लड सेपरेशन मशीन की मरम्मत का काम पूरा हो गया।

Related Articles

Back to top button