कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने राज्यभर में इस वजह से किया प्रदर्शन, पढ़े पूरी ख़बर

झारखंड में केंद्रीय एजेसियों की छापेमारी और मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के समन भेजने के खिलाफ शनिवार को झामुमो और कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने राज्यभर में प्रदर्शन किया। इस दौरान सभी जिला मुख्यालयों में कलेक्ट्रेट में धरना भी दिया गया। धरना को संबोधित करते हुए यूपीए के नेताओं ने केंद्र सरकार और भाजपा पर जमकर हमला बोला। कई जगह धरना-प्रदर्शन में राज्य के मंत्री भी शामिल हुए। 

पलामू, संताल, कोयलांचल और कोल्हान इलाके के जिला मुख्यालयों में धरना-प्रदर्शन में अच्छी संख्या में लोग जुटे। रांची में राजभवन के सामने भी यूपीए के नेता धरने पर बैठे। गढ़वा में धरना-प्रदर्शन को पेयजल व स्वच्छता मंत्री मिथिलेश ठाकुर ने संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि झारखंड सहित अन्य राज्यों में भाजपा को मिली हार से केंद्र सरकार बौखला गई है। 

जनता की चुनी हुई गरीब गुरबों, झारखंडी जनमानस की सरकार को केंद्र सरकार अस्थिर करने पर तुली हुई है। यह स्वस्थ लोकतंत्र के लिए ठीक नहीं है। जनता सबकुछ समझ रही है। आगामी विधानसभा चुनाव में जनता सबक सिखाएगी। भाजपा दहाई अंक भी पार नहीं करेगी। पलामू में आयोजित धरना-प्रदर्शन में कृषि मंत्री बादल पत्रलेख ने शिरकत की।

सरकार को अस्थिर करने का लगाया आरोप

प्रदर्शनकारियों को हर जिले में वहां के नेताओं ने संबोधित किया। उन्होंने कहा कि भाजपा के लोग ईडी, सीबीआई, आईटी की आड़ में लोकतांत्रिक रूप से सत्ता में आई हेमंत सरकार को डराने और अस्थिर करने का प्रयास कर रहे हैं। यूपी गठबंधन की सरकार गांव-गांव पहुंच कर योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचा रही है। लोगों की जिन मांगों पर सत्ता में रहकर भाजपा राजनीतिक रोटियां सेकती आई उनको हेमंत सरकार ने एक-एक करके पूरा कर दिया है। भाजपा को अपनी राजनीतिक जमीन खिसकती दिखाई दे रही है।

Related Articles

Back to top button