सत्येंद्र जैन के विधानसभा क्षेत्र शकूरबस्ती के तीनों नगर निगम वार्ड में भाजपा ने लहराया जीत का परचम

दिल्ली के मंत्री और आम आदमी पार्टी (आप) के बड़े नेता सत्येंद्र जैन के विधानसभा क्षेत्र शकूरबस्ती के तीनों नगर निगम वार्ड में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने जीत का परचम लहरा दिया है। सत्येंद्र जैन मनी लॉन्ड्रिंग मामले में बीते कई महीनों से तिहाड़ जेल में बंद हैं। 

जानकारी के अनुसार, शकूरबस्ती विधानसभा सीट के अंतर्गत आने वाले तीनों वार्ड सरस्वती विहार (वार्ड संख्या 58), पश्चिम विहार (वार्ड संख्या 59), रानी बाग (वार्ड संख्या 60) में भाजपा उम्मीदवारों ने जीत दर्ज कर चौंका दिया है। यह तीनों ही वार्ड अनारक्षित हैं।

दिल्ली नगर निगम चुनाव (MCD Election 2022) के लिए बुधवार सुबह से ही वोटों की गिनती जारी है। दिल्ली में 250 एमसीडी वार्ड है। मतगणना के लिए 42 केंद्र बनाए गए हैं। अब तक के रुझानों मे आम आदमी पार्टी बहुमत के आंकड़े को पार कर 130 से अधिक सीटों पर लगातार बढ़त बनाए हुए है, जबकि भाजपा भी 100 सीटों से ऊपर बनी हुई है। वहीं, कांग्रेस के खाते में महज 10 सीटें ही आती दिख रही हैं। बता दें कि, अधिकांश एग्जिट पोल में ‘आप’ की जीत का पूर्वानुमान लगाया गया है। इसमें भाजपा दूसरे और कांग्रेस तीसरे स्थान पर है। 

एमसीडी के 250 वार्ड के लिए बीते 4 दिसंबर को वोट डाले गए थे, जिसमें 1,349 उम्मीदवारों की किस्मत दांव पर लगी है। चुनाव में इस बार 50.48 प्रतिशत मतदान हुआ। ‘आप’ ने इस चुनाव में 138 महिला उम्मीदवारों को मैदान में उतारा था, वहीं भाजपा और कांग्रेस ने क्रमश: 136 और 129 को उम्मीदवार बनाया था।

गौरतलब है कि 2017 के नगर निगम चुनाव में भाजपा ने 272 वार्ड में से 181 पर जीत दर्ज की थी। ‘आप’ ने 48 वार्ड और कांग्रेस ने 27 वार्ड जीते थे। उस साल करीब 53 प्रतिशत मतदान हुआ था।

Related Articles

Back to top button
T20: भारत का क्लीन स्वीप जानिये कितने खतरनाक हैं कबूतर। शतपावली: स्वस्थ रहने का एक आसान उपाय भारतीय मौसम की ALERT कलर कोडिंग In Uttar Pradesh Call in Emergency