दिल्ली मंडल ने बिना टिकट औैर ट्रेन की छत पर सवार होकर सफर करने वाले यात्रियों के खिलाफ शुरू किया विशेष जांच अभियान

दिल्ली मंडल ने बिना टिकट औैर ट्रेन की छत पर सवार होकर सफर करने वाले यात्रियों के खिलाफ विशेष जांच अभियान शुरू किया है। इस दौरान दिल्ली-शामली विशेष ट्रेन में नोली से दिल्ली शाहदरा के बीच बिना टिकट सफर कर रहे 51 यात्रियों से 14760 रुपये जुर्माना वसूला गया। इस दौरान ट्रेन की छत पर सफर कर रहे एक यात्री को गिरफ्तार किया गया।

रेलवे अधिकारियों ने बताया कि दिल्ली-शामली और दिल्ली-मेरठ रेलखंड पर नियमित रूप से टिकट जांच अभियान चलाया जाता है। एक अक्टूबर से शामली रूट पर विशेष अनारक्षित ट्रेन शुरू की गई है। ट्रेनों व यात्रियों की संख्या बढ़ने के साथ ही बिना टिकट यात्रा करने वालों की शिकायतें मिल रही है।

इससे रेलवे को आर्थिक नुकसान के साथ ही अन्य यात्रियों की सुरक्षा के लिहाज से भी यह ठीक नहीं है। दिल्ली के मंडल रेल प्रबंधक डिंपी गर्ग ने कहा कि यात्रियों को उचित टिकट लेकर ही सफर करना चाहिए। रेल नियमों का पालन नहीं करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

रेलकर्मियों ने स्वच्छता के लिए चलाया अभियान

वहीं, महात्मा गांधी के जन्मदिवस के अवसर पर दिल्ली मंडल में स्वच्छता अभियान चलाया गया। रेलवे स्टेशनों और रेल परिसरों में स्वयं सेवी संस्थाओं, भारत स्काउट्स एंड गाइड के साथ मिलकर सफाई की। यात्रियों व कर्मचारियों को स्वच्छता को लेकर जागरूक किया गया। नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर आयोजित कार्यक्रम में मंडल रेल प्रबंधक (डीआरएम) डिंपी गर्ग के साथ ही अन्य रेल अधिकारी शामिल हुए। अधिकारियों ने सफाई अभियान में श्रमदान किया। डीआरएम ने अधिकारियों और कर्मचारियों को स्वच्छता की शपथ भी दिलाई। कलाकारों ने नुक्कड़ नाटक के माध्यम से लोगों को सफाई के बारे में जागरूक किया।

डीआरएम ने रेलवे स्टेशन का निरीक्षण भी किया। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों व कर्मचारियों से कहा कि आने वाले दिनों में त्योहारों की वजह से स्टेशन पर यात्रियों की भीड़ बढ़ेगी। इसे ध्यान में रखकर सफाई व्यवस्था बनाए रखने के लिए जरूरी कदम उठाए जाने चाहिए।

Related Articles

Back to top button