दिल्ली को मिल सकती है कुछ दिनों तक ठंड से राहत…

 राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में आज बुधवार को ठंड से कुछ राहत महसूस हुई, हालांकि यह राहत कुछ वक्त तक ही रहने का अनुमान है। वहीं, वातावरण में कोहरा छाए रहने से कई ट्रेनें काफी देरी से चल रही हैं। इस वजह से यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। इस संबंध में रेलवे के एक प्रवक्ता ने कहा कि घने कोहरे के कारण दिल्ली जाने वाली 14 ट्रेनें देरी से चल रही हैं।

मौसम विभाग के मुताबिक, मंगलवार को 5.6 डिग्री सेल्सियस और सोमवार को 5 डिग्री सेल्सियस के मुकाबले आज न्यूनतम तापमान 7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मंगलवार को दिल्ली का न्यूनतम तापमान 5.6 डिग्री सेल्सियस रहा जबकि धर्मशाला में (6.2 डिग्री सेल्सियस), देहरादून में (7 डिग्री सेल्सियस) और नैनीताल (7.2 डिग्री सेल्सियस) से कम था।

पहाड़ों में बर्फबारी ने बढ़ाई ठंड

मौसम विज्ञानियों ने बताया कि उत्तर पश्चिमी हवाओं के कारण उत्तर भारत में सामान्य से कम तापमान दर्ज किया गया है। वहीं, स्काईमेट वेदर के उपाध्यक्ष महेश पलावत ने कहा कि पश्चिमी विक्षोभ की वजह से 25 और 26 दिसंबर को पहाड़ों में फिर से बर्फबारी हुई और इस वजह से मैदानी इलाकों में ठंडी उत्तर-पश्चिमी हवाएं चलीं। दिल्ली में मंगलवार को हवा की गति 16 किलोमीटर प्रति घंटा रही। इससे लोगों को ठंडक का अहसास हुआ।

पलावत ने कहा कि उत्तर पश्चिमी भारत में शीतलहर की स्थिति बुधवार से ताजा पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से कम हो जाएगी। हालांकि यह राहत कुछ वक्त तक ही रहने की संभावना है। उन्होंने कहा कि न्यूनतम तापमान फिर से गिर जाएगा।

उल्लेखनीय है कि राष्ट्रीय राजधानी में सोमवार को कड़ाके की ठंड के बीच लोग कंपकंपाते रहे। सोमवार को अधिकतम तापमान 15.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से छह डिग्री कम है और 17 दिसंबर, 2020 के बाद से दिसंबर में दिन का सबसे कम तापमान है।

सफदरजंग में मंगलवार को अधिकतम तापमान सामान्य से तीन डिग्री कम 17.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं, आज बुधवार को अधिकतम तापमान 19 डिग्री सेल्सियस और गुरुवार को 20 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है।

Related Articles

Back to top button
T20: भारत का क्लीन स्वीप जानिये कितने खतरनाक हैं कबूतर। शतपावली: स्वस्थ रहने का एक आसान उपाय भारतीय मौसम की ALERT कलर कोडिंग In Uttar Pradesh Call in Emergency