पीएम मोदी की मां के निधन पर चिराग पासवान ने जताया दुःख, कहा…

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मां हीराबेन के निधन पर लोकजनशक्ति पार्टी यानी लोजपा (रामविलास) के मुखिया चिराग पासवान ने भावुक पोस्ट की है। उन्होंने हीराबेन को श्रद्धांजलि देते हुए पीएम मोदी को ढांढ़स बंधाया है। चिराग ने कहा कि अपनों को खोने का दर्द में अच्छी तरह से समझ सकता हूं, मैंने कुछ साल पहले ही अपने पापा यानी रामविलास पासवान को खोया है।

चिराग पासवान ने शुक्रवार सुबह ट्वीट कर लिखा, ‘प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की माता हीराबेन का निधन अत्यंत दुखद है। अपनों को खोने का दर्द मैं भलीभांति समझ सकता हूं। मैंने भी कुछ साल पहले ही पापा को खोया है। जब पापा अस्पताल में थे तब आपने सदैव मेरा और मेरा परिवार का साथ दिया। इस दुख की घड़ी में मैं और मेरा पूरा परिवार आपके साथ है। ईश्वर दिवंगत आत्मा को श्रीचरणों में स्थान दें।’

पीएम नरेंद्र मोदी की मां हीराबेन ने शुक्रवार अलसुबह गुजरात के अहमदाबाद स्थित यूएन मेहता अस्पताल में अंतिम सांस ली। तबीयत खराब होने की वजह से तीन दिन पहले उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया था। 100 साल की उम्र में उनका निधन हो गया। पीएम मोदी अपने सभी कार्यक्रमों को रद्द करते हुए शुक्रवार सुबह अहमदाबाद पहुंचे और अपनी मां की अर्थी को कांधा दिया।

खुद को पीएम मोदी का हनुमान कहते हैं चिराग पासवान

लोजपा रामविलास के मुखिया चिराग पासवान पीएम नरेंद्र मोदी को अपना आदर्श मानते हैं। वे खुद को मोदी का हनुमान कहते हैं। भले ही वे एनडीए में नहीं हैं लेकिन समय-समय पर बीजेपी के पक्ष में चुनाव प्रचार करते हैं। चिराग पासवान के पिता रामविलास का 2020 में निधन हो गया था। इसके बाद लोजपा में टूट हुई और अपने चाचा पशुपति पारस से विवाद होने के बाद चिराग एनडीए से अलग हो गए थे। लोकसभा चुनाव 2024 से पहले चिराग की एनडीए में वापसी के आसार जताए जा रहे हैं।

Related Articles

Back to top button