दिल्ली समेत उत्तर भारत पर एक बार फिर होगा ज़बरदस्त ठंड का हमला…

राजधानी दिल्ली समेत उत्तर भारत पर रविवार से फिर कड़ाके की ठंड का हमला होगा। इस दौरान तापमान में तीन से पांच डिग्री तक की गिरावट की संभावना है। वहीं, घने कोहरे की चादर भी लोगों को परेशान कर सकती है। इसके मद्देनजर मौसम विभाग ने तीन दिनों के लिए येलो अलर्ट जारी किया है।

राजधानी में शीतलहर के साथ-साथ आज कोहरा छाया रहा। ठंड के कारण आम जनजीवन प्रभावित हुआ। मौसम विभाग के अनुसार, शुक्रवार सुबह 8.30 बजे तक दिल्ली के सफदरजंग में न्यूनतम तापमान 9.8 डिग्री सेल्सियस और पालम में न्यूनतम तापमान 12.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। पालम और सफदरजंग क्षेत्र में विजिबिलिटी 500 मीटर दर्ज की गई। 

दिल्ली में कोहरे के कारण कुछ उड़ानों (दिल्ली-सैन फ्रांसिस्को/काठमांडू, दिल्ली-चंडीगढ़-कुल्लू, दिल्ली-जयपुर, दिल्ली-धर्मशाला-चंडीगढ़, दिल्ली-शिमला-धर्मशाला, दिल्ली-देहरादून) में देरी हुईं।

दिल्ली में एक सप्ताह तक रही कड़ाके की ठंड

एक सप्ताह तक लोगों ने कड़ाके की ठंड का सामना किया। बीते दो दिन थोड़े राहत भरे रहे। इस दौरान न्यूनतम और अधिकतम तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की गई। गुरुवार सुबह आठ बजे से ही सूरज निकल आया। दिनभर धूप रहने से तापमान में भी इजाफा हुआ। दिल्ली के सफदरजंग वेधशाला केंद्र में अधिकतम तापमान 21.6 डिग्री सेल्सियस व न्यूनतम तापमान 9.3 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। यह दोनों ही सामान्य से दो डिग्री ज्यादा हैं।

16, 17 व 18 जनवरी के लिए येलो अलर्ट जारी : मौसम विभाग के मुताबिक, इस समय उच्च हिमालयी क्षेत्रों में एक पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय है, जबकि पश्चिमी राजस्थान के ऊपर एक साइक्लोनिक सर्कुलेशन बना हुआ है। उच्च हिमालयी क्षेत्रों में अच्छी बर्फबारी व मैदानी इलाकों में बारिश और बूंदाबांदी देखने को मिल रही है। इसके मद्देनजर मौसम विभाग ने 16, 17 व 18 जनवरी के लिए येलो अलर्ट जारी किया है। अनुमान है कि रविवार से फिर बर्फीली हवा लोगों को कंपाएंगी। इस दौरान तापमान में तीन से पांच डिग्री तक की गिरावट आ सकती है।

केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के आंकड़ों के मुताबिक, गुरुवार को 24 घंटे का औसत वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 371 ‘बेहद खराब’ दर्ज किया गया।

तीन महीने बाद गिरी बूंदें

दिल्ली के कई इलाकों में गुरुवार की शाम हल्की बारिश हुई। दिल्ली के लिए यह साल की पहली फुहारें हैं। पश्चिमी विक्षोभ और साइक्लोनिक सर्कुलेशन के चलते मौसम में यह बदलाव देखने को मिला है। अगर मौसम विभाग के आंकड़ों पर नजर डालें तो तीन महीने बाद दिल्ली में पानी की बूंदें गिरी हैं। इससे पहले 11 अक्टूबर को दिल्ली में अच्छी बरसात दर्ज की गई थी, जबकि, नवंबर और दिसंबर का महीना पूरी तरह से सूखे रहे थे। इन दोनों ही महीनों में सामान्य से सौ फीसदी कम बारिश दर्ज की गई थी।

कई इलाकों में हल्की बारिश से बदला मौसम

राजधानी के कई इलाकों में गुरुवार शाम छह बजे के बाद दरियागंज, मिंटो रोड, कमला मार्केट, कनॉट प्लेस, बवाना आदि कई इलाकों में हल्की बारिश हुई। इससे ठिठुरन में इजाफा हो गया। मौसम विभाग का अनुमान है कि शुक्रवार को भी बादलों की आवाजाही लगी रहेगी। हवा की गति आठ से 12 किलोमीटर प्रतिघंटा तक रह सकती है। अधिकतम तापमान 21 और न्यूनतम 10 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है। रविवार से तापमान में गिरावट होगी और अधिकतम तापमान 17 और न्यूनतम पांच डिग्री सेल्सियस तक लुढ़कने के आसार हैं। 

Related Articles

Back to top button
T20: भारत का क्लीन स्वीप जानिये कितने खतरनाक हैं कबूतर। शतपावली: स्वस्थ रहने का एक आसान उपाय भारतीय मौसम की ALERT कलर कोडिंग In Uttar Pradesh Call in Emergency