खजूरी फ्लाईओवर के नीचे विवाहिता का शव मिलने से मचा हड़कंप, जाहिर की जा रही हत्या की आंशका….

खजूरी फ्लाईओवर के नीचे मंगलवार सुबह एक विवाहिता का शव मिलने से हड़कंप मच गया। हत्या की आंशका जाहिर की जा रही है। महिला की पहचान सोनी देवी के रूप में हुई है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जीटीबी अस्पताल में पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही मौत के सही कारणों का पता चल पाएगा। पुलिस महिला के परिवार से पूछताछ कर मामले की जांच कर रही है।

पुलिस ने बताया कि मंगलवार सुबह आठ बजे पुलिस को फ्लाईओवर के नीचे एक महिला का शव पड़े होने की सूचना मिली। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा, महिला के कपड़ों में से एक नंबर मिला जिससे उसकी पहचान हो सकी। महिला अपने परिवार के साथ करावल नगर में रहती थी। परिवार पति मनीष व एक बेटा है। शव पर चोट के निशान नहीं मिले हैं। पुलिस का कहना है पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद पता चलेगा यह हत्या है या फिर खुदकुशी।

वहीं, न्यू अशोक नगर इलाके में सोमवार को नाले में एक लापता युवक का शव मिलने से हड़कंप मच गया। एक अक्टूबर से युवक लापता था। मृतक की पहचान निक्की उर्फ पंकज के रूप में हुई है। मृतक के स्वजन ने उनके एक दोस्त पर उनकी हत्या करने का आरोप लगाया है। पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव स्वजन को सौंप दिया है। पुलिस केस दर्ज कर मामले की जांच कर रही है।

जानकारी के अनुसार निक्की अपने परिवार के साथ पुरानी कोंडली में रहते थे। परिवार में पत्नी सृष्टि, मां के अलावा एक भाई और दो बहनें हैं। वह वेटर का काम करते थे। उनकी पत्नी सृष्टि ने बताया कि एक अक्टूबर की रात उनकी तबीयत कुछ ठीक नहीं थी, रात करीब नौ बजे के आसपास निक्की गली में खड़े थे। वह पति के पास गई और डाक्टर के यहां चलने को कहा।

उसी दौरान निक्की का दोस्त कपिल वहां पहुंच गया, आरोप है कि कपिल जबरन निक्की को अपने साथ ले गया। सृष्टि वापस घर चली गई। निक्की के पास फोन नहीं था। रात भर वह घर नहीं आए, परिवार ने तलाश की, लेकिन उनका कुछ पता नहीं चला। आरोप है अगले दिन जब कपिल से निक्की के बारे में पूछा तो उसने कहा कि उसे कुछ भी मालूम नहीं। परिवार ने न्यू अशोक नगर थाने में गुमशुदगी का मामला दर्ज करवाया। सोमवार को दल्लूपुरा के पास नाले में निक्की का शव मिला।

Related Articles

Back to top button