भारत और नेपाल सीमा पर समन्वय और सहयोग बढ़ाने पर हुए सहमत, पढ़े पूरी खबर

भारत और नेपाल सीमा पर समन्वय और सहयोग बढ़ाने पर सहमत हो गए हैं। दोनों देशों के सीमा रक्षक बल सीमा पर स्थिति को सामान्य रखने के लिए मिल-जुलकर कार्य करेंगे। यह सहमति गुरुवार को भारत के सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) के महानिदेशक और नेपाल के आ‌र्म्ड पुलिस फोर्स (एपीएफ) के महानिरीक्षक की नई दिल्ली में हुई बैठक में बनी। दोनों देशों के अधिकारियों के बीच बैठक चार अक्टूबर से चल रही थी।

दोनों देशों के सुरक्षा अधिकारियों की बैठक में क्षेत्र में तेजी से बदल रही सुरक्षा की स्थितियों की समीक्षा की गई। सीमा पर हालात सामान्य रखने और तस्करी रोकने के तरीकों पर चर्चा हुई। सीमावर्ती इलाकों में सक्रिय अपराधी गिरोहों की गतिविधियों की रोकथाम पर चर्चा हुई। इन कार्यो के लिए दोनों देशों के सुरक्षा बलों के बीच समन्वय बढ़ाने पर जोर दिया गया। बैठक में शामिल भारतीय दल का नेतृत्व सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) के महानिदेशक कुमार राजेश चंद्र और नेपाली दल का नेतृत्व एपीएफ के महानिरीक्षक शैलेंद्र खनाल कर रहे थे। सीमा मामले पर अगली बैठक 2022 में नेपाल में होगी।

 

भारत आएगा नेपाली कांग्रेस का दल

नेपाल की सत्तारूढ़ नेपाली कांग्रेस के नेताओं का तीन सदस्यीय दल चार दिनों की भारत यात्रा पर गुरुवार को आएगा। यह दल नई दिल्ली में विदेश मंत्री एस जयशंकर और भाजपा के नेताओं से मिलेगा। नेपाली दल का नेतृत्व पूर्व विदेश मंत्री और नेपाली कांग्रेस के उप महासचिव प्रकाश शरण महत करेंगे। दल के दो अन्य सदस्य-उदय शमशेर राणा और अजय चौरसिया होंगे।

Related Articles

Back to top button