जंगल में मिली कोटा में रहकर इंजीनियरिंग की तैयारी कर रहे झारखंड के युवक की अधजली हालत में लाश…

कोटा में रहकर इंजीनियरिंग की तैयारी कर रहे झारखंड के युवक की लाश जंगल में मिली है। लाश अधजली हालत में मिली। स्कूटी और कपड़ों से घरवालों ने शव की शिनाख्त की। मामला, झारखंड के गिरिडीह जिला का है। मिली जानकारी के मुताबिक छात्र की अधजली लाश बेंगाबाद थानाक्षेत्र अंतर्गत बलगो जंगल में मिली। बिरनी थाना क्षेत्र के खैरीडीह पंचायत के खंगराडीह गांव के विशाल कुमार सिंह के रूप में उसकी पहचान की गई है। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर अंत्यपरीक्षण के लिए गिरिडीह सदर अस्पताल भेज दिया है।

पुलिस को घटनास्थल से क्या मिला
पुलिस ने घटनास्थल से एक स्कूटी, मोबाइल, चप्पल, कुछ सिक्के और प्लास्टिक की बोतल में पेट्रोल भी जब्त किया है। लड़का राजस्थान के कोटा में रहकर इंजीनियरिंग की तैयारी कर रहा था। वह दस दिन पहले परीक्षा देने यहां आया था। फिलहाल वह अपनी मां के साथ कृष्णा नगर में रहता था। कृष्णा नगर में उसकी मां एक किराये के मकान में रहती है। छात्र के पिता बबन सिंह सउदी अरब में रहते हैं। वो मंगलवार को दिन के तकरीबन 11 बजे अपनी मां से यह कहकर निकला था कि किताबें खरीदने जा रहा है। इधर, युवक का अधजला शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। दोपहर में जंगल की रखवाली कर रहे कैडल गार्ड को सबसे पहले अधजले शव पर नजर पड़ी। हल्ला होने पर शव देखने के लिए लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी। बेंगाबाद पुलिस पहुंची और शव को अपने कब्जे में ले लिया।
सऊदी अरब में रहते हैं विशाल के पिता
गौरतलब है कि मृतक विशाल कुमार के पिता बबन सिंह सऊदी अरब में इंजीनियर है। विशाल इन दिनों राजस्थान के कोटा शहर में रहकर इंजीनियरिंग की तैयारी करता था। करीब 15 दिन पहले ही वह प्रैक्टिकल परीक्षा में शामिल होने के लिए घर आया था। घटना वाले दिन करीब 11 बजे वह अपनी स्कूटी से निकला था। अपनी मां से कहा था कि किताबें लेने जा रहा है। जब देर शाम तक विकास वापस नहीं लौटा तो उसकी खोजबीन शुरू की गई।
वनकर्मियों ने सबसे पहले देखी थी लाश
देर शाम खंडोली जा रहे वन विभाग के लोगों ने बलगो जंगल में एक युवक की अधजली लाश देखी। लाश के पास ही स्कूटी और पेट्रोल वाला बोतल पड़ा था। वनकर्मियों ने इसकी सूचना फौरन बेंगाबाद थाना पुलिस को दी। पुलिस ने विकास के परिजनों को लाश मिलने की जानकारी दी। सूचना मिलते ही विकास के चाचा कुछ अन्य लोगों के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और शव की शिनाख्त की। विकास की मां का रो-रोकर बुरा हाल है।



