जानें दिल्ली एनसीआर में कैसा रहेगा मौसम का मिजाज…

दिल्ली एनसीआर में एकबार फिर मौसम करवट ले सकता है। एक नया पश्चिमी विक्षोभ हिमालयी क्षेत्रों को प्रभावित करना शुरू कर देगा। इससे अगले दो दिनों के दौरान हिमाचल प्रदेश और जम्मू-कश्मीर के कुछ हिस्सों में बारिश और हिमपात देखा जा सकता है। मौसम विज्ञानियों का कहना है कि 9 फरवरी को बारिश या हिमपात की तीव्रता ज्यादा देखी जा सकती है और यह उत्तराखंड के पहाड़ी इलाकों को भी कवर कर सकता है। इसका असर मैदानी इलाकों पर भी नजर आ सकता है।

मौसम विभाग का कहना है कि दिल्ली एनसीआर के इलाकों में भी गुरुवार को हल्के बादलों की आवाजाही देखी जा सकती है। आने वाले दिनों में तापमान में बढ़ोतरी देखी जा सकती है। गुरुवार को अधिकतम तापमान 28 डिग्री और न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। गुरुवार को हल्के बादलों की आवाजाही रहने की भी संभावना है।
मौसम विज्ञानियों का कहना है कि उत्तर पश्चिम दिशा से आ रही तेज हवाओं के चलते दिल्ली का मौसम सुहाना हो गया है। हालांकि, दिल्ली का अधिकतम तापमान अभी भी सामान्य से ज्यादा है, लेकिन सोमवार की तुलना में इसमें चार डिग्री से ज्यादा की गिरावट आई है। ज्यादातर हिस्सों में बुधवार की सुबह ही तेज चमकीला सूरज निकला। दिन चढ़ने के साथ ही धूप भी तीखी और तेज हो गई।
हालांकि, दिनभर उच्च हिमालयी क्षेत्रों की तरफ से हवा आती रही। जिनकी गति 12 से 20 किलोमीटर प्रतिघंटे तक की रही। इन हवाओं के चलते दो दिन पहले की तुलना में तामपान में गिरावट दर्ज की गई है। दिल्ली की मानक वेधशाला सफदरजंग में दिन का अधिकतम तापमान 24.5 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। जो सामान्य से एक डिग्री ज्यादा है, लेकिन सोमवार से तुलना करें तो इसमें चार डिग्री से ज्यादा की गिरावट आई है।
सोमवार को सफदरजंग का अधिकतम तापमान 29 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया जो कि सामान्य से छह डिग्री ज्यादा रहा। इसके चलते दिन में गर्म मौसम का अहसास होने लगा था। सफदरजंग केंद्र में न्यूनतम तापमान 9.7 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। यह भी सामान्य से एक डिग्री ज्यादा है। मौसम विभाग का अनुमान है कि गुरुवार को हवा की दिशा में बदलाव होगा और अधिकतम तापमान में इजाफा होगा।



