9 फरवरी को दिल्ली सरकार के गृह विभाग ने 3 महिला समेत 11 पुलिस अधिकारियों का किया ट्रांसफर…

दिल्ली सरकार के गृह विभाग ने गुरुवार को तीन महिला आईपीएस अधिकारियों समेत 11 पुलिस अधिकारियों का ट्रांसफर किया है। दिल्ली के उपराज्यपाल वीके सक्सेना द्वारा जारी आदेशों के अनुसार, 2010 बैच की आईपीएस अधिकारी श्वेता चौहान जो वर्तमान में सेंट्रल दिल्ली जोन की डीसीपी के पद पर तैनात थीं, और दक्षिण पूर्व की डीसीपी ईशा पांडे को क्रमशः डीसीपी सामान्य प्रशासन और डीसीपी यातायात के रूप में नियुक्त किया गया है। श्वेता चौहान की जगह 2011-बैच के अधिकारी संजय कुमार सेन और ईशा पांडेय की जगह 2012-बैच के राजेश देव को तैनाती दी गई है।

वहीं 2011 बैच की आईपीएस अधिकारी नार्थ वेस्ट जोन डीसीपी उषा रंगनानी का तबादला डीसीपी (विशेष शाखा) के तौर पर किया गया है। उनकी जगह 2012 बैच के आईपीएस जितेंद्र कुमार मीणा लेंगे, जो अबतक आर्थिक अपराध शाखा (ईओडब्ल्यू) में तैनात थे।
डीसीपी आउटर-नॉर्थ देवेश कुमार महला का तबादला करके आईजीआई एयरपोर्ट यूनिट में तैनाती दी गई है और आईजीआई एयरपोर्ट की देखरेख कर रहे रवि कुमार सिंह को आउटर-नॉर्थ जिले का नया डीसीपी नियुक्त किया गया है। पूर्वोत्तर जिले के एडिशनल डीसीपी अंकित कुमार सिंह को क्राइम ब्रांच का डीसीपी बनाया गया है। उनकी जगह जॉय एन तिर्की नार्थ ईस्ट दिल्ली के एडिशनल डीसीपी का पदभार संभालेंगे।



