शादी का झांसा देकर युवक करता रहा युवती से आठ महीने तक रेप…
गाजियाबाद के नंदग्राम थाना क्षेत्र में शादी का झांसा देकर एक युवती से आठ महीने तक रेप तथा उसका अश्लील वीडियो बनाकर ब्लैकमेल करने का मामला सामने आया है। युवती की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।

बिहार की रहने वाली पीड़िता के मुताबिक, गांव का ही आरोपी उसे बहला-फुसलाकर गाजियाबाद ले आया और राजनगर एक्सटेंशन की सोसाइटी में रखकर उसके साथ रेप किया। इसके बाद अश्लील वीडियो से उसे ब्लैकमेल करने लगा। फरार चल रहा आरोपी चार महीने बाद पुलिस के हत्थे चढ़ गया। पुलिस ने आरोपी को जेल भेज दिया है।
जिला बेतिया बिहार के परषोत्तमपुर थानाक्षेत्र के गांव का रहने वाला अनुराग कर्णवाल के पिता गांव में ही मेडिकल स्टोर चलाते हैं। वहां गांव की ही रहने वाली एक 22 वर्षीय युवती का आना-जाना था। इस दौरान अनुराग और युवती में बातचीत शुरू हो गई। युवती का आरोप है कि अनुराग ने उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए। इस दौरान उसने उसकी अश्लील वीडियो बना ली।
आरोपी के चंगुल से छूटकर दर्ज कराई रिपोर्ट
युवती का कहना है कि आठ अक्टूबर 2022 को वह जैसे-तैसे आरोपी के चंगुल से छूटकर भाग आई और नंदग्राम थाने में शिकायत दी। एसीपी नंदग्राम आलोक दुबे का कहना है कि पीड़िता की शिकायत पर केस दर्ज कर लिया गया था। पुलिस टीमें उसकी गिरफ्तारी के लिए प्रयासरत थीं, लेकिन वह हाथ नहीं आ रहा था। गुरुवार रात उसे मोरटी तिराहे से गिरफ्तार कर लिया गया।



