दिल्ली के फूड फेस्टिवल में चीन, तुर्की, जापान और मैक्सिको सहित कुल 4 सदस्य देश ले रहें हिस्सा…

चीनी की चाशनी में डूबी सुनहरी जलेबियों की सुगंध। तेल में तली हुई टिक्की और कड़ाही में फेंका जा रहा कुंग पाओ चिकन। दिल्ली के तालकटोरा स्टेडियम में आयोजित जी20 इंटरनेशनल फूड फेस्टिवल में खाने के शौकीन अपने पसंदीदा व्यंजनों का लुत्फ उठा रहे हैं।

नई दिल्ली नगर पालिका परिषद द्वारा आयोजित दो दिवसीय इस फेस्टिवल में मैक्सिको की मोकटेल से लेकर पुरानी दिल्ली के मटर समोसे तक मौजूद हैं। जापान के तेरियाकी चिकन से लेकर पंजाब के बटर चिकन की खुशबू बिखरी हुई है। शनिवार को केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने इसका उद्घाटन किया। फूड फेस्टिवल की थीम विश्व का स्वाद और अंतरराष्ट्रीय मिलेट वर्ष रखी गई है।
देश के चौदह राज्य और केंद्र शासित प्रदेश भी अपने यहां के पारंपरिक व्यंजन के साथ मौजूद हैं। इसमें गुजरात, तमिलनाडु, तेलंगाना, दिल्ली, बिहार, पंजाब, कश्मीर, उत्तर प्रदेश, केरल, महाराष्ट्र, कर्नाटक, राजस्थान, मणिपुर, मेघालय आदि शामिल हैं। पुरानी दिल्ली के शिव मिष्ठान भंडार के स्टॉल पर मटर समोसे, इमरती, छोले भटूरे मौजूद दिखे, जबकि बिहार के स्टॉल पर लिट्टी चोखा, सत्तू और टिकिया का स्वाद मौजूद रहा। पंजाब के स्टाल पर मक्के की रोटी और सरसों का साग, दही कबाब, बटर चिकन, चिकन टिक्का, अमृतसरी छोले कुलचे आदि का स्वाद लिया जा सका। वहीं, महाराष्ट्र के स्टाल पर बड़ा पाव का लोगों ने स्वाद दिया।
जी-20 के चार देशों के व्यंजनों की महक
फूड फेस्टिवल में जी-20 में शामिल चार देशों के व्यंजनों की महक बिखरी हुई है। चीन, तुर्की, जापान और मैक्सिको यहां अपने यहां के जायके के साथ फेस्टिवल में मौजूद हैं। इन देशों द्वारा अलग-अलग प्रकार के मोमोज, नूडल्स मछली, मोकटेल, फ्राइड, चिकन, एक फ्राइड, पोर्क मीट से बने व्यंजनों को परोसा जा रहा है।
बड़े होटल भी परोस रहे हैं अपना लोकप्रिय खाना
फूड फेस्टिवल में पारंपरिक खाने के साथ-साथ बड़े-बड़े होटल अपने यहां का लोकप्रिय खाना भी परोस रहे हैं। इसमें ताज पैलेस, ताजमहल, द कनॉट, ताज एंबेसडर, ले मेरिडियन, आईटीसी मौर्य, द पार्क, द क्लैरिजेज, द ललित, सिटी पार्क, फूड फिएस्टा आदि का नाम शामिल हैं।



