नगर निगम चुनावों में दिल्ली कांग्रेस का सहारा बन सकते है युवा नेता कन्हैया कुमार

नई दिल्ली, आगामी नगर निगम चुनावों में दिल्ली कांग्रेस युवा नेता कन्हैया कुमार का सहारा ले सकती है। कन्हैया कुमार दिल्ली नगर निगम चुनाव के दौरान कांग्रेस पार्टी के स्टार प्रचारक भी हो सकते हैं। हालांकि पार्टी की ओर से अभी कुछ भी स्पष्ट नहीं किया गया है, लेकिन दिल्ली प्रदेश कांग्रेस समिति के अध्यक्ष अनिल चौधरी के साथ कन्हैया की मुलाकात ऐसे ही संकेत दे रही है। मंगलवार को प्रदेश कांग्रेस कार्यालय में दो बैठकें हुईं। पहली बैठक में हाल ही में कांग्रेस में शामिल हुए और जेएनयू छात्रसंघ से सुर्खियों में आए कन्हैया कुमार प्रदेश अध्यक्ष अनिल चौधरी से शिष्टाचार मुलाकात करने पहुंचे। इस दौरान दोनों के बीच दिल्ली की राजनीति पर भी खासी चर्चा हुई। इसके थोड़ी देर बाद ही प्रदेश कांग्रेस के नेताओं की निगम चुनावों को लेकर महत्वपूर्ण बैठक हुई।

इसमें पूर्व प्रदेश अध्यक्ष सुभाष चोपड़ा सहित प्रदेश उपाध्यक्ष, पूर्व विधायकों, जिलाध्यक्ष, फ्रंटल सेल, जिला पर्यवेक्षकों एवं वरिष्ठ कार्यकर्ताओं के साथ विचार विमर्श किया गया। इन बैठकों में सभी से राय-मशविरा किया गया। सभी नेताओं ने अपनी-अपनी राय अध्यक्ष के समक्ष रखी। अब इन विचारों को संकलित कर उन्हें रणनीति का रूप दिया जाएगा। हालांकि इस बैठक में निर्णय लिया गया कि आगामी 20 अक्टूबर से दिल्ली कांग्रेस निगम चुनावों को लेकर मैदान में कूद पड़ेगी। हर विधानसभा क्षेत्र वार्ड वाइज में रैलियां निकाली जाएंगी। लोगों को जोड़ने के लिए बूथ लेबल पर बैठकें होंगी। रैलियों के माध्यम से लोगों को जोड़ा जाएगा। इससे पहले मेरा बूथ-सबसे मजबूत का अभियान पहले से ही चलाया जा रहा है।

निगम चुनावों के लिए आगे रणनीति में क्या-क्या बदलाव होंगे यह तो आने वाला समय ही बताएगा। फिलहाल तो राजनीतिक हलकों में कन्हैया कुमार का प्रदेश कार्यालय आना भी निगम चुनावों के प्रचार की रणनीति का ही हिस्सा माना जा रहा है। इन दोनों घटनाओं को एक साथ जोड़ा जा रहा है। कहा तो यही जा रहा है कि दिल्ली के निगम चुनावों में कन्हैया स्टार प्रचारक हो सकते हैं।

Related Articles

Back to top button
T20: भारत का क्लीन स्वीप जानिये कितने खतरनाक हैं कबूतर। शतपावली: स्वस्थ रहने का एक आसान उपाय भारतीय मौसम की ALERT कलर कोडिंग In Uttar Pradesh Call in Emergency