देश के कई राज्यों में भारी बारिश का अनुमान, पढ़ें अपने राज्य का हाल

IMD ने बताया कि देश के कई हिस्सो में हल्की बारिश की भी संभावना है। मौसम विभाग ने बताया कि तमिलनाडी केरल और माहे में 27 से 30 अक्टूबर और 29 और 30 अक्टूबर को दक्षिण आंतरिक कर्नाटक में भारी बारिश हो सकती है। बिहार में पछुआ का प्रवाह शुरू होने से राज्य का मौसम शुष्क हो गया है। इस तरह की स्थिति आगे भी बने रहने की उम्मीद की जा रही है।

मौसम में बदलाव के साथ साथ राष्ट्रीय राजधानी में हल्की गुलाबी ठंड का एहसास हो रहा है। वहीं, दिन के समय तेज धूप खिल रही है। इसी के साथ दिल्ली में वायु प्रदूषण शुक्रवार को लगातार पांचवें दिन भी खराब श्रेणी में बनी रही। कई जगहों पर एयर क्वालिटी इंडेक्स 300 के पार चला गया। मौसम विभाग (IMD) के मुताबिक, आने वाले कुछ दिनों में राष्ट्रीय राजधानी में मौसम का मिजाज मिश्रित बना रहेगा। अधिकतम तापमान 32 व न्यूनतम 16 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।

देश के कई राज्यों में भारी बारिश की संभावना
IMD ने बताया कि देश के कई हिस्सों में अगले कुछ दिनों तक मौसम शुष्क रहने की संभावना है। वहीं, देश के कई राज्यों में हल्की बारिश की भी संभावना है। मौसम विभाग ने बताया कि तमिलनाडु, केरल और माहे में 27 से 30 अक्टूबर और 29 और 30 अक्टूबर को दक्षिण आंतरिक कर्नाटक में भारी बारिश होने की भी संभावना है। विभाग ने बताया कि अगले चार दिनों तक केरल के सभी स्थानों पर हल्के से मध्य की वर्षा दर्ज की जाएगी। मौसम विभाग ने बताया कि आने वाले दूसरे सप्ताह में दक्षिण आंध्र प्रदेश, रायलसीमा, तमिलनाडु, केरल सहित कई राज्यों में बारिश की गतिविधियां बढ़ने की संभावना है।

बिहार में पछुआ का प्रवाह हुआ शुरू
बिहार में पछुआ का प्रवाह शुरू होने से राज्य का मौसम शुष्क हो गया है। इस तरह की स्थिति आगे भी बने रहने की उम्मीद की जा रही है। वहीं, आजकल सुबह एवं शाम के तापमान में काफी अंतर देखने को मिल रहा है। राज्य में सूर्यास्त होते ही तापमान में तेजी से गिरावट दर्ज की जा रही है, जिसके कारण सिहरन महसूस हो रहा है। पटना मौसम विज्ञान केंद्र के वैज्ञानिक संजय कुमार का कहना है कि शुक्रवार मोतिहारी राज्य का सर्वाधिक गर्म स्थान रहा। वहां पर 34.6 डिग्री सेल्सियस तापमान में रिकार्ड किया गया।

यूपी में तेजी से बदलेगा मौसम
उत्तर प्रदेश के जिलों में गुलाबी ठंड ने दस्तक दे दी है। सुबह के साथ शाम और रात में तापमान कम होने के चलते सर्दी का एहसास होने लगा है। मौसम विभाग ने बताया कि राज्य में मौसम के तेजी से बदलने की संभावना है। मैदानी इलाकों में फिलहाल दिन और रात में ठंड ने दस्तक दी है। तराई क्षेत्रों के जिलों में सुबह सुबह कोहरा छाने लगा है। वहीं पहाड़ी क्षेत्र से सटे जिलों में बर्फीली हवाओं के चलने की वजह से ठंड बढ़ रही है।

ओडिशा में तेजी से मौसम ले रहा करवट
राज्य के विभिन्न शहरों में तापमान में अब गिरावट होने लगी है। मौसम विभाग ने कहा है कि ओडिशा में अगले 5 दिनों के दौरान तापमान में और गिरावट आने की संभावना है। खासकर अंदरुनी ओडिशा में तापमान कम होने के साथ ही ठंड पड़ने का अनुमान है। इसके साथ ही राज्य में अगले 5 दिनों के दौरान न्यूनतम तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट आने की उम्मीद है।

हरियाणा में तेजी से बदल रहा मौसम
हरियाणा के मौसम में लगातार बदलाव का दौर जारी है, जिसके कारण प्रदेश का मौसम ठंडक भरा हो गया है। मौसम विभाग ने बताया कि आज प्रदेश के कई इलाकों में बारिश होने की संभावना है। वहीं, अधिकतर जगहों पर बादल छाए रहेंगे। बीते दिन भी कुछ स्थानों पर छिटपुट बारिश हुई। हल्की बारिश होने की वजह से तापमान में गिरावट दर्ज की गई है, जिसके कारण ठंड बढ़ गई।

Related Articles

Back to top button