बिहार पंचायत चुनाव के सातवें चरण के मतदान में पूर्वी चंपारण में पुलिस-पब्लिक भिड़त, कई जगह बूथों पर हंगामा

बिहार में पंचायत चुनाव का मतदान जारी है। इस दौरान लखीसराय, समस्‍तीपुर, पूर्वी चंपारण के कई बूथ पर हंगामा हुआ है। पूर्वी चंपारण के जुआफर गांव में पुलिस से भिड़त के आरोप में निवर्तमान मुखिया व मुखिया प्रत्‍याशी सोनू कुमार सहित दो लोग गिरफ्तार कर लिए गए। बिहार पंचायत चुनाव (Bihar Panchayat Election) के सातवें चरण के मतदान में जिला परिषद सदस्‍य, मुखिया, पंचायत समिति सदस्‍य, वार्ड सदस्‍य, सरपंच व पंच के आधा दर्जन पदों के लिए 37 जिलों के 63 प्रखंडों की 903 पंचायतों में 12786 बूथों (Polling Booths) पर वोट डाले जा रहे हैं। आगे 17 और 18 नवंबर को मतगणना (Counting) होगी। मतदान की पल-पल की जानकारी के लिए बने रहिए हमारे साथ।

Bihar Panchayat Chunav 7th Phase Voting LIVE Update:

04:20 PM- अधिकांश जगहों पर मतदान समाप्‍त हो चुका है। जहां पहले से वोटर कतार में थे, वहां पर वोटिंग चल रही है। सुरक्षा के पुख्‍ता इंतजामों के बीच छिटपुट घटनाओं को छोड़कर अधिकांश जगहों पर मतदान शांतिपूर्ण संपन्‍न हो गया।

03:00 PM- पूर्वी चंपारण के छौड़ादानो प्रखंड क्षेत्र के जुआफर गांव में मतदान के दौरान पुलिस व पब्लिक के बीच झड़प के बाद पहुंचे पुलिस अधीक्षक नवीन चंद्र झा ने दबंग निवर्तमान मुखिया व मुखिया प्रत्याशी सोनू कुमार उर्फ सोनू मुखिया सहित दो लोगों को गिरफ्तार कर लिया। मतदान के दौरान पुलिस से झड़प के दौरान पुलिस टीम पर पथराव भी हुआ था। इस झड़प में कुछ पुलिसकर्मी चोटिल हुए थे और कई वाहन भी क्षतिग्रस्त हो गए थे।

02:30 PM- मतदान के अब दो घंटे शेष बचे हैं। छिटपुट घटनाओं के बीच मतदान शांतिपूर्ण चल रहा है। बूथों पर कतारें लगी हुईं हैं। मतदान सामाप्‍त होने के वक्‍त तक कतार में लग चुके लोगों को वोट देने का मौका दिया जाएगा।

02.00 PM-  नवादा के वारिसलीगंज प्रखंड के 16 पंचायतो में दोपहर तक शांतिपूर्ण मतदान की सूचना है। इसके साथ ही प्रखंड के विभिन्न पंचायतों में दोपहर एक बजे तक 38 फीसदी मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया है।

01:30 PM- सीतामढ़ी जिले के सुरसंड के दिवारी मतौना टोला प्राथमिक विद्यालय बूथ नंबर 189 क पर फर्जी मतदाता द्वारा मतदान करने को लेकर दो प्रत्याशियों के पोलिंग एजेंट आपस में भिड़े । पुलिस ने एक पोलिंग एजेंट मनजीत राय को हिरासत में लिया। दूसरा फरार हो गया। पुलिस कर रही तलाश।

01:00 PM- मधुबनी के हरलाखी की पिपरौन पंचायत के बूथ संख्या 76 पर केयर इंडिया के तत्वावधान में कोविड जांच शिविर लगायी गयी है। हरलाखी में चुनाव के दौरान सीमा सील कर चौकसी की जा रही है।

12:36 PM- भागलपुर में बड़ी कार्रवाई! एसएसपी निताशा गुड़िया ने मतदान प्रभावित होने से रोकने के लिए चार लोगों को हिरासत में लिया है। उन्हें मतदान खत्म होने के बाद छोड़ा जाएगा। एसएसपी के आदेश पर बूथ संख्या 78 के पास से हिरासत में लिए गए पप्पू सिंह।

jagran

12:27 PM- लखीसराय के सूर्यगढ़ा प्रखंड की चंदनपुरा पंचायत के मानो गाव में मुखिया प्रत्‍याशियों के दो गुटों के बीच झड़प हो गई है। इसमें कई लोग इसमें जख्मी हो गए हैं। पुलिस ने उपद्रवी तत्‍वों को बूथ के पास से खदेड़कर भगा दिया है।

12:15 PM- दिन चढ़ने के साथ मतदान में भी तेजी आ रही है। बूथों पर वोटरों की लंबी कतार दिख रही है। सुबह में ठंंड के कारण भीड़ कुछ कम थी। बूथों पर सुरक्षा के पुख्‍ता इंतजाम हैं। बुजुर्ग और दिव्‍यांग वोटरों को सुरक्षाकर्मी स्‍वयं मतदान में मदद कर रहे हैं। 

11:45 AM- गया जिले में सातवें चरण में अब तक 25 फीसद मतदान हुआ है। ठंड और धुंध के बावजूद मतदाताओं में उत्साह दिख रहा है। चुनाव अभी तक शांतिपूर्ण है। आज जिले के बोधगया, डोभी व टनकुप्पा प्रखंडों की सभी पंचायतों में मतदाता वोट डाल रहे हैं। नक्‍सल प्रभावित गया में सुरक्षा की कड़ी व्‍यवस्‍था की गई है। सुरक्षा बल सड़कों पर गश्‍त कर रहे हैं।

jagran

11:24 AM- नालंदा के नूरसराय और चंडी प्रखंडों में मतदान जारी है। चंडी प्रखंड के बूथ संख्या 122 हबीबुल्लाह चक पर तैनात सुरक्षा बलों पर एक प्रत्याशी के पक्ष में वोट दिलवाने का आरोप लगा है।

11:13 AM- सिवान के बसंतपुर और गोरेयाकोठी के सभी बूथों पर शांतिपूर्ण वातावरण में मतदान जारी है। सातवें चरण में बसंतपुर प्रखंड में  आठ पंचायतों में 118 बूथों पर तो गोरेयाकोठी प्रखंड  में  22 पंचायत के 306 बूथों पर मतदान हो रहा है।

10:55 AM- नालंदा जिले के चंडी प्रखंड के आंगनवाड़ी केंद्र तुलसीगढ़ बूथ संख्या 97 पर 80 साल की झलनी देवी  वोट देने पहुंचीं। चंडी प्रखंड के बूथ 97 पर 82 साल की सोनमंती देवी भी वोट देने पहुंचीं। जहानाबाद जिले के मखदुमपुर प्रखंड क्षेत्र के उच्च विद्यालय ढोढा में 103 वर्षीय सिद्धेश्वर प्रसाद वोट देने गए।

jagran

10:30 AM- बूथों पर हर उम्र के मतदाता पहुंच रहे हैं। शिवहर के एक बूथ पर दिव्‍यांग मतदाता वोट डालने पहंचे। बेतिया के सिकटा के गौचरी बूथ संख्या  31 पर जीतेंद्र साह अपने वृद्ध पिता को मतदान कराने ले गए।

10:07 AM-  रोहतास जिले के दो प्रखंडों में सोमवार सुबह सात बजे से मतदान की प्रक्रिया शांतिपूर्ण ढंग से जारी है। शिवसागर और चेनारी प्रखंड में सातवें चरण की  वोटिंग हो रही है । सुबह नौ बजे तक के प्राप्त मतदान के प्रतिशत के मुताबिक शिवसागर में 14 फीसद तथा चेनारी प्रखंड में 12 फीसद मतदान होने की सूचना है। दोनों प्रखंडों के 357 बूथों पर पंचायत चुनाव के लिए वोट डाले जा रहे हैं । सुबह से ही सभी बूथों पर मतदाताओं की लंबी कतार है। वोटरों में सबसे अधिक महिलाओं की संख्या देखी जा रही है। मतदान केंद्रों पर बुजुर्ग मतदाता भी अपने स्वजनों के सहारे वोट डालने पहुंचे हैं। वोटिंग के दौरान सुरक्षा व्यवस्था के पुख्ता इंतजाम हैं। क्षेत्र में लगातार मोटरसाइकिल गश्ती दल पेट्रोलिंग कर रही है।

09:50 AM- जगह-जगह मतदान की गति तेज हो रही है। बूथों पर लगी कतारें भी लंबी हो रहीं हैं। मतदान शांतिपूर्ण चल रहा है। हर जगह सुरक्षा व्‍यवस्‍था कड़ी दिख रही है।

09:30 AM- समस्तीपुर में मोरवा प्रखंड के दो बूथों पर झड़प हुई। इससे कुछ देर के लिए मतदान बाधित रहा। हालांकि, कोई बड़ी घटना नहीं हुई।

09:17 AM- दरभंगा जिले के केवटी व जाले प्रखंडों में कड़ी चौकसी के बीच वोट डाले जा रहे हैं। केवटी में  361 बूथों पर 2601 प्रत्याशियों के भाग्य का फैसला हो रहा है। जाले में 2362 प्रत्याशियों के भाग्य का फैसला वहां के 304 बूथेां पर मतदाता कर रहे हैं। मतदान की प्रक्रिया शांतिपूर्ण चल रही है।

09:00 AM- पटना सहित कई जिलों में कई बूथों पर अभी तक खराब हैं ईवीएम। उन्‍हें बदल कर मतदान कराने की प्रक्रिया जारी है। इस बीच बूथों पर कतारें लंबी होती दिख रहीं हैं।

08:45 AM- पूर्वी चंपारण के छौड़ादानो के भतनहिया बूथ संख्‍या 138 पर मुखिया प्रत्‍याशी सर्मथको के बीच झड़प हुई। जिला परिषद सदस्‍य प्रत्‍याशी जीतेंद्र कुमार के पोलिंग एजेंट को मुखिया समर्थकों ने  पीट दिया। मौके पर पुलिस पहुंची। अभी शांति है। मतदान बाधित नहीं हुआ है।

08:17 AM- मुजफ्फरपुर  के कांटी प्रखंड के असनगर बूथ सं 30 पर मतदाताओं की लंबी कतार दिख रही है। उधर, मुंगेर के जमालपुर प्रखंड की 10 पंचायतों में मतदान के दौरान पश्चिमी इंद्ररुख पंचायत के बूथ संख्या 34 पर बायोमेट्रिक सिस्टम की गड़बड़ी के कारण वोटिंग बाधित है।

07:58 AM- पटना की कोरोयवं पंचायत में एक बूथ पर ईवीएम खराब है। कैमूर के रामपुर प्रखंड के सबार मध्य विद्यालय के पूर्वी भाग बूथ 73 पर भी ईवीएम में तकनीकी गड़बड़ी के कारण मतदान 25 मिनट विलंब से शुरू हुआ।

07:50 AM- नवादा के वारिसलीगंज प्रखंड के सफीगंज बूथ संख्या 52 व 53 पर मतदान की रफ्तार धीमी दिख रही है। वहां मतदाताओं  की कतार लंबी हो गई है।

jagran

07:45 AM- लखीसराय के सूर्यगढ़ा प्रखंड की दो जिला परिषद और 11 पंचायतों में मतदान रफ्तार पकड़ रहा है। उधर, लखीसराय की रामपुर पंचायत के बूथ संख्या 3 पर ईवीएम खराब रहने के कारण मतदान शुरू नहीं हुआ है। मोहमदपुर पंचायत के मध्य विद्यालय खेमतरणी स्थान में भी बूथ संख्या 55 पर वार्ड सदस्य व मुखिया के ईवीएम खराब हैं।

07:30 AM- पटना जिले के दनियावां प्रखंड की छह पंचायतों के 95 बूथों पर मतदान हो रहा है। सभी बूथ अति संवेनशील श्रेणी में रखे गए हैं। पांच चलंत बूथ भी बनाए गए हैं। बक्‍सर के चक्की एवं चौगाईं प्रखंडों की नौ पंचायतों में भी वोट डाले जा रहे हैं।

07:14 AM- मतदान जारी है। सुबह-सुबह मतदाता घरों से निकलकर बूथों तक पहुंच रहे हैं। मौसम के ठंडे रहने के कारण दिन में भी मतदान की रफ्तार तेज रहने की उम्‍मीद है।

07:04 AM- सातवें चरण के चुनाव का मतदान सात बजे आरंभ हो गया है। बूथों पर कतारें लंबी होती दिख रहीं हैं। हालांकि, अभी भी कई जगह मतदान की तैयारियां अंतिम चरण में हैं। वहां भी कुछ देर में वोट पड़ने लगेंगे।

06:30 AM- सातवें चरण के चुनाव में मतदान के पहले ही 3389 पदों के निए निर्विरोध निर्वाचन हो चुका है। वार्ड

सदस्य के 134, पंचायत समिति सदस्य के पांच, पंच के 3249, और सरपंच के एक पद पर निर्विरोध निर्वाचन हो चुका है। किसी प्रत्याशी ने पर्चा नहीं भरने के कारण 217 पद रिक्त रह गए हैं

06:00 AM- पंचायत चुनाव के सातवें चरण में 903 पंचायतों में कुल 27,730 पदों के लिए 1,05,658 प्रत्‍याशी चुनाव मैदान में हैं। आज के चुनाव के लिए कुल 72,85,589 मतदाता हैं। आयोग मतदान के पहले बूथों पर उनका बायोमीट्रिक सत्यापन सुनिश्चित करेगा। फर्जी मतदाता के खिलाफ एफआइआर दर्ज कर उसे जेल भेजने का नियम बनाया गया है।

Related Articles

Back to top button