होली पार्टी में नहीं होना चाहते परेशान तो तैयार होते वक्त इन बातों का रखें ध्यान

रंगों का त्योहार मनाने के लिए लगभग सभी जगह तैयारी पूरी हो गई हैं। होली एक ऐसा त्योहार है, जिसे लोग बेहद धूमधाम से मनाते हैं। इस साल 24 मार्च को होलिका दहन होगा, तो वहीं 25 मार्च को होली खेली जाएगी। ऐसे में कई जगह होली पार्टियों का भी आयोजन होता है। लोग अपने दफ्तरों से लेकर कॉलोनियों तक में होली पार्टी का आयोजन करते हैं।

एक समय था, जब लोग होली पार्टी में पुराने से पुराने कपड़े पहनकर जाते थे। कोई होली खेलते वक्त स्टाइल पर ध्यान नहीं देता था, लेकिन आज का समय बदल गया है। आज लोग होली पार्टी में जाने के लिए भी खुद को सही से स्टाइल करते हैं। अगर आपके पास भी होली का निमंत्रण हैं, तो पार्टी के लिए तैयार होते वक्त कुछ बातों का ध्यान अवश्य रखें। अगर आप इन बातों का ध्यान रखेंगे, तो रंग खेलते वक्त आपको किसी तरह की परेशानी नहीं होगी।

पहनें सूती कपड़े
अगर ऐसी होली पार्टी में जा रहे हैं, जहां पानी वाले पक्के रंगों से होली खेली जाती है, तो सूती कपड़े पहनकर ही वहां जाएं। सूती कपड़े पहनने से पानी तुरंत सूखता रहता है। इससे आपकी त्वचा में किसी तरह के इंफेक्शन का खतरा नहीं रहेगा। अगर आप किसी और फैब्रिक का कपड़ा पहनेंगे, तो आपको उलझन हो सकती है।

हैवी वर्क से रहें दूर
चाहे पुरुष हों या महिला, किसी को भी होली पार्टी में हैवी वर्क पहनकर नहीं जाना चाहिए। हैवी वर्क वाले कपड़े जब भीग जाएंगे, तो ये और भारी हो जाएंगे। इससे शरीर पर रैशेज और खुजली की समस्या उत्पन्न हो सकती है। ज्यादा से ज्यादा चिकनकारी वर्क वाले कपड़े ही पहनें।

बालों को बांधना जरूरी
अगर आपके बाल लंबे हैं, तो अपने बालों में या तो जूड़ा बनाएं और या फिर कस कर चोटी बांध लें। इससे आपके बाल रंगों से बचे रहेंगे और ये आपको परेशान भी नहीं कर पाएंगे। यदि किसी पुरुष के बाल भी लंबे हैं, तो उन्हें भी बालों में पोनीटेल बांधनी चाहिए। ताकि बाल बार-बार आंखों पर न आएं।

सही जूतों का करें चयन
होली पार्टी के लिए ऐसे जूतों का चयन करें, जो फिसलते न हों। अगर ये फिसलेंगे तो आपको चोट लग सकती है। वहीं महिलाएं होली पार्टी में हील्स पहनने से बचें। हील्स पहनने की वजह से आपको चलने में दिक्कत हो सकती है।

डार्क मेकअप से बनाएं दूरी
होली पार्टी में ज्यादा डार्क मेकअप करके न जाएं। जब इस पर पानी पड़ेगा, तो हो सकता है कि ये आपके मेकअप को खराब कर दे। इसके साथ रंग भी आपके मेकअप को खराब कर सकता है।

Related Articles

Back to top button